सीआईएसएफ ने हर्षोल्लास के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस समारोह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 15 अगस्त। सीआईएसएफ की पीएंडएचसीएस यूनिट चंडीगढ़ में आज 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में हरियाणा सरकार के विशेष सचिव श्री मुनीश नागपाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनिट के कमांडेंट श्री ललित पंवार ने की। इस अवसर पर यूनिट लाइन में नव-स्थापित खुले व्यायाम स्थल का उद्घाटन भी किया गया।

मुख्य अतिथि श्री मुनीश नागपाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सीआईएसएफ जवानों ने अनुशासित औपचारिक परेड प्रस्तुत कर राष्ट्र के प्रति अपने समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। समारोह में यूनिट के अधिकारियों एवं जवानों के साथ-साथ अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। इस दौरान जवानों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा सीआईएसएफ जवानों ने विभिन्न सामरिक युद्धकौशलों का प्रदर्शन करते हुए अपने साहस, शारीरिक दक्षता और प्रशिक्षण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री मुनीश नागपाल ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की भूमिका की सराहना करते हुए जवानों के अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की।

श्री मुनीश नागपाल ने सीआईएसएफ कार्मिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए यूनिट लाइन में नव-स्थापित खुले व्यायाम स्थल का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित व्यायाम अत्यंत महत्वपूर्ण है। यूनिट के उप कमांडेंट श्री नितिन कुमार ने मुख्य अतिथि, अधिकारियों, जवानों एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!