खड़गे की सभा के बाद मंच का ‘शुद्धिकरण’ संविधान और समानता का अपमान : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रधानमंत्री मोदी देश और मल्लिकार्जुन खड़गे से मांगें माफी, धर्म-जाति के नाम पर देश को बांट रही भाजपा-आरएसएस : सैलजा

सिरसा, 14 अगस्त। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य कुमारी सैलजा ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित रूप से मंच का ‘शुद्धिकरण’ किए जाने की घटना को संविधान, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान बताते हुए कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस घटना के लिए न केवल मल्लिकार्जुन खड़गे बल्कि पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।

कुमारी सैलजा शुक्रवार को सिरसा के अंबेडकर चौक पर कांग्रेस की ओर से आयोजित रोष प्रदर्शन में शामिल हुईं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी की घटना को लेकर विरोध जताया। कुमारी सैलजा ने कहा कि एक तरफ सरकार तिरंगा यात्राएं निकाल रही है और देश आजादी का पर्व मनाने जा रहा है, दूसरी तरफ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान की मूल भावना और समानता के सिद्धांतों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

सांसद ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने गए थे। उनके सभा स्थल से जाने के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना बेहद गंभीर और शर्मनाक है। सवाल यह है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी समाज को ‘शुद्ध’ और ‘अशुद्ध’ की मानसिकता से देखने का प्रयास कैसे स्वीकार किया जा सकता है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा और आरएसएस की विचारधारा पर इस घटना से गंभीर सवाल खड़े होते हैं। धर्म और जाति के आधार पर लोगों के बीच भेदभाव पैदा करने वाली सोच देश को मजबूत नहीं बल्कि कमजोर करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता जेपी नड्डा की ओर से मामले की जांच करवाने की बात कही गई है, लेकिन देश के सामने आई घटना पर केवल जांच की घोषणा पर्याप्त नहीं है। दोषियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन किसी व्यक्ति की सामाजिक पहचान को लेकर अपमानजनक व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। रोष प्रदर्शन में विधायक गोकुल सेतिया, कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला, डॉ. केवी सिंह, वीरभान मेहता, कृष्णा फोगाट, राजकुमार शर्मा, नवीन केडिया, राजेश चाडीवाल, लादुराम पूनिया, जग्गा सिंह बराड़ और सतपाल मेहता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!