गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस समारोह आज, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा करेंगे ध्वजारोहण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होगी भव्य परेड; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्कृष्ट प्रतिभाओं का होगा सम्मान

गुरुग्राम, 14 अगस्त। जिले में स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पूरे उत्साह, उमंग और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। जिला प्रशासन ने समारोह की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।

जिला स्तरीय आयोजन के साथ विभिन्न उपमंडलों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। पटौदी में विधायक बिमला चौधरी, मानेसर में विधायक मुकेश शर्मा, सोहना में विधायक तेजपाल तंवर और बादशाहपुर में फरीदाबाद एनआईटी के विधायक सतीश फागना राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। संबंधित उपमंडल प्रशासन ने भी समारोहों की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

युद्ध स्मारक पर शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा सबसे पहले सिविल लाइंस स्थित युद्ध स्मारक पहुंचेंगे। वहां वे स्वतंत्रता सेनानियों और देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे।

इसके बाद वह ताऊ देवीलाल स्टेडियम पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे। वह परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण करने के बाद प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश भी देंगे।

मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण

समारोह में मार्च पास्ट के साथ मास पीटी, डंबल शो और लेजियम शो की प्रस्तुतियां होंगी। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इनके माध्यम से राष्ट्रप्रेम, वीरता और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई जाएगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाएं होंगी सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, संस्थाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है। उन्होंने जिलावासियों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!