गुरुग्राम,12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमित कुमार के नेतृत्व में सिविल लाइंस क्षेत्र में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आमजन को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया।
सुमित कुमार ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जोड़ना और स्वतंत्रता दिवस के प्रति जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।








