
गुरुग्राम, 11 अगस्त। राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को फरुखनगर खंड के गांव डाबोदा व मुसेदपुर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। हाथों में तिरंगा लेकर निकली यात्रा ने गांवों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक हाथों में लेकर देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यात्रा में शामिल प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इस प्रकार की गतिविधियों का उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को राष्ट्र के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा तथा देश की एकता और अखंडता के महत्व से अवगत कराना है।

तिरंगा यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने भी अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए राष्ट्रभक्ति के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
एडीसी सोनू भट्ट जोकि जिला में इस अभियान के नोडल अधिकारी भी हैं उन्होंने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक गांव और शहर तक देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाना है, ताकि हर नागरिक स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व से भावनात्मक रूप से जुड़कर देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित हो।








