14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर गुरुग्राम में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेक्टर 29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क में आयोजित कार्यक्रम की केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल करेंगे अध्यक्षता, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि, कार्यक्रम के संयोजक बोध राज सीकरी

13 व 14 अगस्त को विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और प्रभावित परिवारों की स्मृतियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का होगा आयोजन

गुरुग्राम, 11 अगस्त। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर 14 अगस्त को गुरुग्राम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल करेंगे, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा विस्थापन, संघर्ष और पीड़ा का सामना करने वाले परिवारों की स्मृतियों को सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में 13 और 14 अगस्त को विभाजन की त्रासदी पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान घटित घटनाओं, बड़े पैमाने पर हुए विस्थापन, लोगों के संघर्ष और पीड़ा तथा उस कठिन दौर में लोगों द्वारा दिखाई गई हिम्मत एवं धैर्य को दर्शाया जाएगा। प्रदर्शनी के माध्यम से युवा पीढ़ी को देश के इतिहास के इस महत्वपूर्ण और संवेदनशील अध्याय से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे विभाजन की विभीषिका को समझने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के महत्व को भी आत्मसात कर सकें।

उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान विभाजन के दौरान प्रभावित परिवारों के अनुभवों और उनकी स्मृतियों को भी साझा किया जाएगा। डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस देश के इतिहास के उस अध्याय को याद करने का अवसर है, जिसने लाखों परिवारों के जीवन को प्रभावित किया। यह दिवस हमें उन लोगों के संघर्ष, त्याग और साहस को नमन करने के साथ-साथ यह संदेश भी देता है कि देश की एकता, अखंडता, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द को हर परिस्थिति में मजबूत बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जिलावासियों से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!