सभी जोन में एक साथ शुरू हुआ महीनेभर का विशेष ध्वस्तीकरण अभियान, इंफोर्समेंट टीमों ने संभाला मोर्चा, सड़कों व गलियों को भी कराया अतिक्रमण मुक्त

गुरुग्राम, 10 अगस्त। सोमवार का दिन गुरुग्राम में अवैध एवं अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ नगर निगम गुरुग्राम की बड़ी कार्रवाई के नाम रहा। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना में निगमायुक्त प्रदीप दहिया के निर्देश पर नगर निगम के सभी जोन में एक साथ विशेष इंफोर्समेंट अभियान शुरू किया गया। पहले ही दिन निगम की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 31 अनाधिकृत निर्माणों को धराशायी किया तथा सड़कों और गलियों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई भी की।
सभी जोन में गठित की गईं विशेष इंफोर्समेंट टीमें

निगमायुक्त ने सभी जोन में संयुक्त आयुक्तों के नेतृत्व में अलग-अलग इंफोर्समेंट टीमों का गठन किया है। इन टीमों को पर्याप्त संख्या में जेसीबी एवं अन्य आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराई गई है। सोमवार सुबह ही सभी टीमें अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पहुंच गईं और चिन्हित अवैध एवं अनाधिकृत निर्माणों तथा अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। नगर निगम द्वारा शुरू किया गया यह अभियान मंथ-लॉन्ग डिमोलिशन ड्राइव के रूप में पूरे अगस्त माह के दौरान जारी रहेगा।
एक दिन में 31 अवैध निर्माणों पर कार्रवाई
अभियान के पहले दिन नगर निगम की टीमों ने विभिन्न जोन में कुल 31 अनाधिकृत निर्माणों को धराशायी किया। इसके साथ ही सार्वजनिक रास्तों, सड़कों और गलियों में किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई भी की गई। पहले दिन की कार्रवाई के दौरान डीपीजी कॉलोनी सेक्टर-34, रेयान एन्क्लेव भोंडसी, अशोक विहार-2, कृष्णा कॉलोनी, सेक्टर-69, आयुध डिपो प्रतिबंधित क्षेत्र, भीमगढ़ खेड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में नगर निगम की टीमें सक्रिय रहीं। पहले दिन जोन 1 में एक, जोन 2 में 4, जोन 3 में 4, जोन 4 में 3, जोन 5 में 5, जोन 6 में 5 तथा जोन 7 में 9 निर्माणों पर कार्रवाई की गई।
कानून व्यवस्था के लिए पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात

अभियान के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटने तथा मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक इंफोर्समेंट टीम के साथ पुलिस बल एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई। इससे निगम टीमों को नियमानुसार कार्रवाई करने में आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा सहयोग मिला और अभियान को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया गया।
सड़कों और गलियों को भी कराया गया अतिक्रमण मुक्त
अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नगर निगम की टीमों ने सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की। नगर निगम का उद्देश्य सार्वजनिक रास्तों को बाधामुक्त करना, नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाना तथा शहर में सुनियोजित विकास एवं बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
अभियान पूरे महीने रहेगा जारी
निगमायुक्त के निर्देश पर शुरू किया गया यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। पूरे महीने नियमित रूप से डिमोलिशन एवं इंफोर्समेंट कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित जोन के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध एवं अनाधिकृत निर्माणों तथा अतिक्रमणों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि गुरुग्राम में अवैध एवं अनाधिकृत निर्माण को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करते हुए सभी जोन में व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल अवैध निर्माणों को हटाना नहीं, बल्कि सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थानों एवं निगम भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर गुरुग्राम के सुनियोजित एवं सुरक्षित विकास को सुनिश्चित करना भी है। निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्रवाई निष्पक्ष, पारदर्शी और कानून के दायरे में रहकर की जाए तथा किसी भी अवैध निर्माण अथवा अतिक्रमण को संरक्षण न मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।








