भारी बारिश में तीसरे दिन भी नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल जारी, 11 अगस्त तक आदेश नहीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
गुडग़ांव, 8 अगस्त (अशोक) : सफाई एवं सीवर कर्मचारियों, फायरमैन और ड्राइवरों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने तथा अन्य लंबित मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारियों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर कर्मचारियों ने भारी बारिश के बावजूद पुराने नगर निगम कार्यालय परिसर में राज्यव्यापी हड़ताल के तहत प्रदर्शन किया।
हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान बसंत कुमार और फायर उप-प्रधान जोगिंदर ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन सचिव धर्मेंद्र जिंघाला तथा कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा ने किया।
13 मई की सहमति लागू नहीं करने का आरोप
इकाई प्रधान बसंत कुमार ने कहा कि 13 मई को सरकार के साथ हुई वार्ता में सफाई, सीवर, माली, फायरमैन व ड्राइवरों सहित विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों को 30 जून तक पक्का करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद अब तक इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
कर्मचारी नेताओं के अनुसार वार्ता में रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, कर्मचारियों को 5 हजार रुपये जोखिम भत्ता, छंटनीग्रस्त कर्मचारियों की बहाली, ठेका प्रथा समाप्त करने, न्यूनतम वेतन देने तथा फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद कर्मचारी के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने समेत 17 प्रमुख मांगों पर सहमति बनी थी।
‘आश्वासन नहीं, अब आदेश चाहिए’
बसंत कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार मानी गई मांगों के आदेश जारी करने की बजाय लगातार आश्वासन देकर कर्मचारियों को गुमराह कर रही है। इससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति रोष लगातार बढ़ रहा है।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 11 अगस्त तक मानी गई मांगों के आधिकारिक आदेश जारी नहीं किए गए तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे उत्पन्न होने वाली स्थिति की पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।
नगर निगम कर्मचारियों के आंदोलन को सर्व कर्मचारी संघ, सीटू और रिटायर्ड कर्मचारी संघ ने भी समर्थन दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।






