₹92 लाख की कथित हेराफेरी का आरोप, तीन लोगों के खिलाफ पुलिस आयुक्त को शिकायत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कारोबारी रजत लुबाना ने लगाया आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और साजिश का आरोप

बैंक खातों और बिटकॉइन तक पहुंच का दुरुपयोग करने का दावा, पुलिस से कार्रवाई की मांग

गुरुग्राम। गुरुग्राम के कारोबारी रजत लुबाना ने अपनी फर्म में करीब 92 लाख रुपये की कथित वित्तीय हेराफेरी को लेकर तीन लोगों के खिलाफ पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम को शिकायत दी है। शिकायत में शिवम सिंघानिया, शीतल पवार और विक्रम पवार पर आपसी मिलीभगत से धनराशि के कथित गबन, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप लगाए गए हैं।

20 जुलाई को दी गई शिकायत के मुताबिक रजत लुबाना निवेश एवं एसेट मैनेजमेंट से जुड़ी फर्म चलाते हैं, जिसका कॉरपोरेट कार्यालय सोहना रोड स्थित जेएमडी मेगापोलिस में है। शिकायतकर्ता के अनुसार शिवम सिंघानिया फर्म में प्रशासनिक कार्य देखता था, उसकी पत्नी शीतल पवार अकाउंटेंट थी, जबकि विक्रम पवार मार्केटिंग का काम देखता था।

लुबाना का आरोप है कि अकाउंटेंट होने के कारण शीतल पवार के पास कंपनी के वित्तीय लेजर, ग्राहकों से प्राप्त रकम, बैंक खातों और कॉरपोरेट बिटकॉइन/क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट से संबंधित जिम्मेदारी और पहुंच थी।

14 जुलाई से कार्यालय नहीं आने का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि 14 जुलाई से तीनों ने बिना किसी आधिकारिक सूचना और कार्यभार सौंपे कार्यालय आना बंद कर दिया। इसके बाद कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड का ऑडिट और मिलान किया गया, जिसमें शिकायतकर्ता के मुताबिक करीब 92 लाख रुपये की कथित गड़बड़ी सामने आई।

शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि कंपनी के बिटकॉइन/क्रिप्टोकरेंसी तक पहुंच संबंधित व्यक्ति के पास होने के कारण करीब 25 लाख रुपये मूल्य के बिटकॉइन के दुरुपयोग की आशंका है।

शिकायत में एक फोन कॉल का भी उल्लेख किया गया है। लुबाना का दावा है कि शिवम के पिता ने उनसे फोन पर संपर्क किया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को आवश्यकता पड़ने पर व्हाट्सऐप चैट और उक्त कॉल की रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की बात कही है।

पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग

रजत लुबाना ने पुलिस आयुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पर पुलिस आयुक्त कार्यालय की प्राप्ति संबंधी मुहर भी दिखाई देती है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!