10 अगस्त को डीसी कार्यालय पर सत्याग्रह में शामिल होगी यूनियन, 10 सितंबर तक चलेगा विशेष सदस्यता अभियान

गुड़गांव, 8 अगस्त। रेहड़ी-पटरी मजदूर यूनियन गुड़गांव का सम्मेलन शनिवार को संपन्न हुआ। सम्मेलन में नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया, जिसमें अशोक सिंह को प्रधान, चूरामन को महासचिव और बलराम को कोषाध्यक्ष चुना गया। यूनियन ने 10 अगस्त को डीसी कार्यालय पर होने वाले सत्याग्रह कार्यक्रम में भाग लेने का भी निर्णय लिया।
11 सदस्यीय पदाधिकारी मंडल में रोहताश को संगठन सचिव, चंद्रकला को वरिष्ठ उपप्रधान और पंकज को प्रेस प्रवक्ता चुना गया। इसके अलावा कान्ति तिवारी, संजीव व योगेश को उपप्रधान तथा मुकेश और राकेश को सचिव की जिम्मेदारी दी गई। सम्मेलन की अध्यक्षता चूरामन, रोहताश और चंद्रकला ने संयुक्त रूप से की।
चुनाव एवं सम्मेलन की कार्यवाही सीटू के प्रदेश महासचिव जय भगवान और कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार की देखरेख में संपन्न हुई।
सौंदर्यीकरण के नाम पर रोजगार उजाड़ने का आरोप

सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीटू नेताओं ने कहा कि बेरोजगारी के कारण मेहनतकश जनता की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। बड़ी संख्या में लोग रोजगार नहीं मिलने के कारण रेहड़ी-पटरी और फेरी लगाकर अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार उपलब्ध कराने की बजाय स्वरोजगार में लगे लोगों को भी उजाड़ रही है।
नेताओं ने कहा कि गुड़गांव सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में लाखों लोग रेहड़ी-पटरी और फेरी लगाकर आजीविका चला रहे हैं, लेकिन शहरों के सौंदर्यीकरण के नाम पर उनके रोजगार पर संकट खड़ा किया जा रहा है। यूनियन इसे स्वीकार नहीं करेगी।
सीटू नेताओं ने असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मजदूर संगठनों और संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 10 अगस्त को जेल भरो एवं सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। रेहड़ी-पटरी मजदूरों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।
10 सितंबर तक चलेगा सदस्यता अभियान
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि गुड़गांव में यूनियन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। शहर के अधिक से अधिक रेहड़ी-पटरी मजदूरों को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से 10 सितंबर तक विशेष सदस्यता अभियान चलेगा।
यूनियन ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि किसी भी रेहड़ी-पटरी मजदूर को उजाड़ा न जाए तथा फेरी और रेहड़ी लगाकर आजीविका कमाने वाले सभी मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाए।
सम्मेलन को जनवादी महिला समिति की प्रदेश महासचिव ऊषा सरोहा ने भी संबोधित किया।






