एसआईआर प्रक्रिया में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ निभाएं भूमिका: संजय दत्त
हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करना और फर्जी नामों को हटाना हमारी प्राथमिकता: राव नरेंद्र सिंह
मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती, कांग्रेस कार्यकर्ता रहें सतर्क: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

चंडीगढ़ – हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी श्री संजय दत्त की गरिमामय उपस्थिति तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज सोनीपत में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया।
कार्यशाला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सांसद श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी सदस्य एवं सांसद श्री दीपेंद्र सिंह हुड्डा, श्री योगेंद्र यादव, मोहम्मद खान तथा एसआईआर प्रक्रिया के विषय-विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे और इसके विभिन्न पहलुओं तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

इस राज्य स्तरीय कार्यशाला में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, राज्य स्तरीय एसआईआर समिति के सदस्य, सांसद, विधायक, सभी जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, पिछले लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रत्याशी, BLA-1 तथा अग्रणी संगठनों एवं विभागों के राज्य स्तरीय प्रमुखों ने भाग लिया।
इस अवसर पर बोलते हुए हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि एसआईआर केवल मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पूरी सजगता के साथ काम करने और मतदाता सूची में होने वाले प्रत्येक बदलाव पर नजर रखने का आह्वान किया।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट लक्ष्य है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम गलत तरीके से न हटाया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पूरी सक्रियता के साथ एसआईआर प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस अभियान को संगठनात्मक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से हटता है या अपात्र का नाम शामिल होता है, तो इसका सीधा असर चुनाव की निष्पक्षता पर पड़ता है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता के साथ एसआईआर प्रक्रिया पर नजर रखें और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए मजबूती से काम करें।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सांसद श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल सूची की जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बूथ स्तर पर मतदाता सूची का बारीकी से अध्ययन करें, किसी भी प्रकार की आपत्ति या विसंगति को तुरंत संज्ञान में लें और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से काम करें।
इस अवसर पर सांसद श्री दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने के साथ-साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता या फर्जी नाम को लेकर पूरी सतर्कता बरतें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती और जिम्मेदारी के साथ काम करें।
एसआईआर प्रक्रिया के विशेषज्ञ एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री योगेंद्र यादव ने कार्यशाला में मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों को एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, मतदाता सूची की जांच की प्रक्रिया तथा संभावित विसंगतियों की पहचान और उनके निराकरण के व्यावहारिक पहलुओं के बारे में जानकारी दी।
एसआईआर प्रक्रिया के विशेषज्ञ श्री मोहम्मद खान ने कार्यशाला में बूथ स्तर पर एसआईआर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के प्रत्येक विवरण की सावधानीपूर्वक जांच करनी चाहिए और पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित कराने के साथ-साथ गलत अथवा अपात्र प्रविष्टियों के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्ति दर्ज करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर सक्रिय, सतर्क और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही एसआईआर प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से समझकर मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं
उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पार्टी का संगठन पूरी ताकत और समन्वय के साथ काम करेगा।






