भारी बारिश में भी दूसरे दिन जारी रही नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

8 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

गुरुग्राम, 7 अगस्त (अशोक)। सफाई कर्मियों, सीवर कर्मचारियों तथा अग्निशमन विभाग के फायरमैन और ड्राइवरों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने और नियमित भर्ती सहित विभिन्न मांगों को लेकर नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। भारी बारिश के बावजूद कर्मचारी पुराने नगर निगम कार्यालय परिसर में डटे रहे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान बसंत कुमार और फायर विभाग के जिला प्रधान साहुन खान ने की, जबकि संचालन कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा तथा फायर विभाग के उपप्रधान जोगिंदर ने किया।

इस दौरान बसंत कुमार, राजेश कुमार, सम्मी बोहत और ज्ञान चंद ने कहा कि 13 मई को सरकार के साथ हुई वार्ता में 17 प्रमुख मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक उन पर अमल के लिए कोई लिखित आदेश जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल आश्वासन देकर कर्मचारियों को गुमराह कर रही है।

अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रेस सचिव सुनील कुमार, मुकेश, कुलदीप, सतपाल, सुभाष, हरिओम तथा कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा ने कहा कि सरकार की ओर से केवल वादे किए जा रहे हैं, जबकि कर्मचारियों की मांगों के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 8 अगस्त तक सहमति बनी मांगों के क्रियान्वयन संबंधी लिखित आदेश जारी नहीं किए गए, तो वर्तमान तीन दिवसीय हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।

हड़ताल को सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक सचिव महेश कुमार, सीटू के जिला प्रधान सुरेश नोहरा तथा रिटायर्ड कर्मचारी यूनियन के प्रधान देवेंद्र धनखड़ ने भी समर्थन दिया और कर्मचारियों को संबोधित किया।

इस अवसर पर संगठन सचिव सीमा देवी, प्रचार सचिव अनीता देवी, कमला देवी, दीपा, मीनू देवी, पिंकी, तेजपाल, कैलाश, गब्बर सिंह, दया चंद, कुलदीप, अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!