कांग्रेस विधायक ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले—फिरौती, गोलीबारी और महंगाई से जनता त्रस्त
चंडीगढ़, 7 अगस्त। कांग्रेस के युवा विधायक आदित्य सुरजेवाला ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था, बिजली निजीकरण और बढ़ते करों को लेकर तीखा हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार आम जनता को राहत देने के बजाय नए आर्थिक बोझ थोपने में लगी है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में आए दिन फिरौती, हत्या और गोलीबारी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। विधायकों तक को धमकियां मिल रही हैं तथा बलराम दांगी के कार्यालय पर गोलीबारी जैसी घटनाएं कानून-व्यवस्था की बदहाल स्थिति को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से प्रदेशवासी असुरक्षा और प्रशासनिक विफलता का सामना कर रहे हैं।
आदित्य सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि सरकार अपने “पूंजीपति मित्रों” को लाभ पहुंचाने के लिए जनविरोधी नीतियां लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और बिजली की बढ़ती मांग के बीच सरकार जनता को राहत देने के बजाय बिजली पर सरचार्ज लगाने की तैयारी कर रही है। साथ ही गुरुग्राम सहित अन्य शहरों की बिजली व्यवस्था के निजीकरण की साजिश रची जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में बिजली कर्मचारी 11 अगस्त से हड़ताल पर जाने की घोषणा कर चुके हैं।
उन्होंने निकायों में संपत्ति कर की नई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कलेक्टर रेट के आधार पर संपत्ति कर वसूलने का फैसला आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगा। जिन लोगों ने वर्षों पहले कम कीमत पर संपत्ति खरीदी थी, उन्हें अब अधिक कर देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पहले से ही पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों और महंगाई से जनता परेशान है, ऐसे समय में संपत्ति कर और बिजली पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की तैयारी जनविरोधी है।
कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार भी लगातार निजीकरण की दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बिजली निजीकरण, बढ़ते करों और अन्य जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करेगी तथा जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।








