ईएसआई अस्पताल के सामने टूटी सड़क पर कांग्रेस का प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंकज डावर ने गड्ढों में उल्टे रखे कमल के कटआउट, सरकार पर साधा निशाना

गुरुग्राम, 5 अगस्त। जिला कांग्रेस (शहरी) अध्यक्ष पंकज डावर ने बुधवार को सेक्टर-9 स्थित ईएसआई अस्पताल के सामने बदहाल सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क के गहरे गड्ढों में कमल के फूल के कटआउट उल्टे रखकर विरोध जताया और आरोप लगाया कि यह प्रदेश सरकार के “झूठे विकास” की पोल खोलने वाली तस्वीर है।

प्रदर्शन के दौरान पंकज डावर ने कहा कि मंगलवार को हुई बारिश के समय मुख्यमंत्री गुरुग्राम में मौजूद थे और उन्होंने शहर को जलभराव से जूझते देखा, लेकिन स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस घोषणा नहीं की। उन्होंने कहा कि ईएसआई अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगह के सामने सड़क की बदहाली सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।

बारिश में नहीं दिखते गड्ढे, रोज लग रहा जाम

पंकज डावर ने कहा कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनका अंदाजा नहीं लग पाता। इससे दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं तथा कई लोग हादसों का शिकार भी हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि सेक्टर-7 एक्सटेंशन से ईएसआई अस्पताल के आगे तक प्रतिदिन लंबा ट्रैफिक जाम लगता है, जिससे मरीजों, अस्पताल कर्मचारियों और स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने आनन-फानन में जेसीबी से मिट्टी डालकर सड़क को समतल करने का प्रयास किया, जबकि यह कार्य पहले ही किया जाना चाहिए था।

घटिया निर्माण और जलनिकासी पर उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का हवाला देते हुए डावर ने कहा कि सड़क का निर्माण कुछ समय पहले ही हुआ था, लेकिन घटिया निर्माण और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण यह जल्द ही टूट गई। थोड़ी-सी बारिश में पूरा क्षेत्र जलमग्न हो जाता है और घंटों तक गंदा पानी जमा रहने से बदबू व मच्छरों की समस्या भी बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम को स्मार्ट सिटी और मिलेनियम सिटी कहा जाता है, लेकिन अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगह के सामने सड़क की ऐसी स्थिति विकास के दावों पर प्रश्नचिह्न लगाती है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कें कुछ ही समय में टूट जाती हैं, जिससे जनता के टैक्स के पैसे की बर्बादी हो रही है।

पंकज डावर ने मांग की कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत किया जाए तथा घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन तेज करेगी।

प्रदर्शन में सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, हरकेश प्रधान, सुशील सहरावत, विकास हुड्डा, राजीव यादव, अमन प्रजापति, मनोज आहुजा, सतीश सांगवान, मास्टर महेंद्र सैन, लोकेश कौशिक, पंकज मेहंदीरत्ता, राजेश पटेल, साहिल बंसल, तपन दास, सुनील चौहान, जगदीश यादव, प्रताप मलिक, ओमप्रकाश चौहान, सुमन ग्रेवाल, सुमन सिंघल, मुकेश सिंगला, टिंकू जाटव, वैशाली, ओमप्रकाश खरेरा, सुनील सचदेवा, यशपाल भगत, नरेश शर्मा, कपिल गौतम, लाभ सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!