बोले- भाजपा ने किसानों से हमेशा धोखा किया, झूठे वादे किए
कांग्रेस ने माफ किए हजारों करोड़ के कर्जे और बिजली बिल, भाजपा ने किसानों को कर्जदार बनाया: हुड्डा

चंडीगढ़, 5 अगस्त । पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय सत्यपाल मलिक की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने बागपत पहुँचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सत्यपाल मलिक देश की राजनीति के दिग्गज, बेखौफ और ईमानदार शख्सियतों में से एक थे। उन्होंने हमेशा किसान हित के मुद्दों को मुखरता से उठाया। इसलिए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि भाजपा सरकार किसानहित में स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करे और उन्हें सी-2 फॉर्मूले के तहत एमएसपी दे।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा किसानों के साथ धोखा और झूठे वादे किए हैं। इस सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन उनकी लागत को कई गुना बढ़ा दिया है। खाद, बीज, दवाइयों से लेकर पेट्रोल-डीजल के दाम दोगुने से भी ज्यादा बढ़ चुके हैं, जबकि सरकार ने किसानों को मिलने वाली सब्सिडी में पूरी तरह कटौती कर दी है।
इतना ही नहीं, यह सरकार किसानों से चौतरफा लूट कर रही है और उन्हें कोई भी राहत देने को तैयार नहीं है। जबकि कांग्रेस सरकार के दौरान सिर्फ हरियाणा में लगभग 1,600 करोड़ रुपये के बिजली के बिल माफ किए गए थे और करीब 2,200 करोड़ रुपये के किसानों के कर्ज माफ किए गए थे। अगर केंद्र सरकार की बात की जाए, तो कांग्रेस ने 72,000 करोड़ रुपये के किसानों के कर्ज माफ किए थे, जबकि भाजपा ने किसानों को सिर्फ कर्जदार बनाने वाले फैसले ही लिए हैं।








