निक्षय मित्र अभियान के तहत 48 माह से लगातार पोषण आहार किट वितरण, 50 मरीजों को मिला प्रोटीन युक्त पोषण सामग्री

हिसार, 4 अगस्त। समाज सेवा के क्षेत्र में वानप्रस्थ सीनियर सिटीजन क्लब, हिसार ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए निक्षय मित्र अभियान के अंतर्गत टीबी रोगियों को प्रोटीन युक्त पोषण आहार किट वितरित करने के चार वर्ष सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। अगस्त 2022 में शुरू हुआ यह सेवा अभियान पिछले 48 महीनों से बिना किसी व्यवधान के जारी है। इस अवसर पर शिव कॉलोनी धर्मशाला में 50 टीबी रोगियों को पोषण आहार किट वितरित की गई।
क्लब के महासचिव डॉ. जे. के. डांग ने बताया कि प्रत्येक माह वितरित की जाने वाली किट में प्रोटीन पाउडर, गुड़, काला चना, बेसन, न्यूट्रेला तथा साबुन शामिल किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पौष्टिक आहार, नियमित दवा और सकारात्मक सोच से टीबी का पूर्ण उपचार संभव है।

टीबी अस्पताल के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक ओ. पी. वर्मा और बालकेश कालीरामन ने रोगियों को समय पर दवा लेने, संतुलित आहार अपनाने तथा चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित उपचार और पर्याप्त पोषण से टीबी को पूरी तरह हराया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान छह नए रोगियों को भी निक्षय मित्र योजना से जोड़ा गया। इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारी डॉ. एस. एम. बहल, श्रीमती सुनीता बहल, डॉ. एम. एस. मलिक, श्रीमती आदेश मलिक, डॉ. पुष्पा खरब, श्रीमती रमा मुंजाल, श्रीमती श्यामा गोसाईं एवं पुष्पा शर्मा ने रोगियों का उत्साहवर्धन किया। डॉ. बहल ने स्वच्छता और नियमित पौष्टिक आहार को टीबी से मुक्ति का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आशा वर्करों अनीता, सुनीता, मंजू, बंटी, कैलाश, शर्मिला और मीना का विशेष योगदान रहा।








