द मिलेनियम स्कूल्स और ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के बीच ‘दिशा’ समझौते पर हस्ताक्षर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

• छात्रों और शिक्षकों के लिए शुरू होगा डिजिटल वेलनेस अभियान

गुरुग्राम, 4 नवंबर 2026 – देश भर में अपनी एक अलग पहचान बना चुकी शिक्षा संस्था ‘द मिलेनियम ग्रुप ऑफ़ स्कूल्स’ ने विद्यार्थियों के समग्र विकास, डिजिटल वेलनेस और मानसिक संतुलन को बढ़ावा देने के लिए ‘ब्रह्माकुमारीज़ एजुकेशन सोसाइटी’ के साथ पांच साल के एक महत्वपूर्ण समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। ‘दिशा’ नाम के इस पांच वर्षीय प्रोजेक्ट की शुरुआत गुरुग्राम स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर में की गई।

यह साझेदारी देश भर में फैले द मिलेनियम ग्रुप के सभी विद्यालयों में लागू की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों की आधुनिक शिक्षा प्रक्रिया के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, तनाव प्रबंधन और तकनीक के सही उपयोग को जोड़ना है। इस अवसर पर ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा दीदी एवं द मिलेनियम ग्रुप ऑफ स्कूल्स की रणनीतिक योजना और संचालन निदेशक कुलकीर्ति दीवान उपस्थित रहे।

शिक्षा के साथ जुड़ेगा जीवन मूल्य और ध्यान –

द मिलेनियम स्कूल्स अपनी बाल-केंद्रित और अनुभव आधारित शिक्षण प्रणाली के लिए जाने जाते हैं। वहीं, ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान लंबे समय से मूल्य शिक्षा, राजयोग ध्यान और आत्म-विकास के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। इस सहयोग के तहत दोनों संस्थाएं मिलकर एक ऐसा परिवेश तैयार करेंगी, जहां पढ़ाई के साथ-साथ एकाग्रता बढ़ाने, तनाव दूर करने और डिजिटल वेलनेस (तकनीक के संतुलित प्रयोग) पर जोर दिया जाएगा।

पहल की मुख्य विशेषताएं –

स्कूलों में बनेगा ‘मेडिटेशन रूम’: साझेदारी के तहत नेटवर्क के सभी मिलेनियम स्कूलों में एक राजयोग ध्यान कक्ष स्थापित किया जाएगा। यह स्थान छात्रों और शिक्षकों को शांत वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ व्यक्तिगत परामर्श और सत्रों के काम आएगा।

शिक्षकों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण: शिक्षण और गैर-शिक्षण दोनों श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे, जिससे वे बच्चों के मानसिक व भावनात्मक विकास में बेहतर योगदान दे सकें।

अभिभावकों के साथ संवाद: हर तिमाही में माता-पिता के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पारिवारिक दिनचर्या, बच्चों में नैतिक मूल्य और तकनीक के स्वस्थ उपयोग पर चर्चा की जाएगी।

इस पहल के माध्यम से द मिलेनियम स्कूल्स और ब्रह्माकुमारीज़ का लक्ष्य एक ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां किताबी ज्ञान के साथ-साथ भावनात्मक संतुलन और जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख भी दी जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें