कादीपुर औद्योगिक क्षेत्र की बिजली समस्याओं के समाधान का आश्वासन, एसई को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

3-4 दिन में एसडीओ कार्यालय में बैठक बुलाकर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया होगी शुरू

गुरुग्राम, 4 अगस्त। कादीपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्रीपाल शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के अधीक्षण अभियंता (एसई) श्यामवीर सैनी से मुलाकात कर कादीपुर औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।

श्रीपाल शर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने एसई को क्षेत्र में बार-बार आने वाले बिजली फॉल्ट, घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने, पुराने हो चुके बिजली ढांचे तथा ट्रांसफार्मरों की जर्जर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में लगातार बिजली का लोड बढ़ रहा है, जबकि वितरण प्रणाली और आधारभूत ढांचा वर्षों पुराना होने के कारण बार-बार तकनीकी खराबियां उत्पन्न हो रही हैं। इससे उद्योगों के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि कई ट्रांसफार्मर आज भी जमीन के स्तर पर स्थापित हैं, जिन्हें सुरक्षा और सुचारु संचालन के लिए ऊंचा उठाने की आवश्यकता है। साथ ही बिजली नेटवर्क के आधुनिकीकरण और क्षमता विस्तार की भी मांग की गई।

श्रीपाल शर्मा के अनुसार, एसई श्यामवीर सैनी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कादीपुर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंता (एक्सईएन) को निर्देश दिए हैं कि अगले तीन से चार दिनों के भीतर कादीपुर एसडीओ कार्यालय में उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने की कार्यवाही शुरू की जाए।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के महासचिव कल्याण सिंह बढ़ाना, ओम चावला, संजय यादव, कश्मीर सिंह, राजेंद्र, अमित, दिनेश गुप्ता, हरिओम यादव, हेमंत, अभिनव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!