“मेडिएशन फॉर नेशन 3.0” अभियान को लेकर की समीक्षा
अधिक से अधिक मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से निपटाने का किया आह्वान
गुरुग्राम, 04 अगस्त- जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम नरेंद्र सुरा के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, गुरुग्राम निशा ने मंगलवार को “मेडिएशन फॉर नेशन 3.0” अभियान को लेकर डीएलएसए गुरुग्राम के पैनल अधिवक्ताओं के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, गुरुग्राम निशा ने अभियान के उद्देश्यों से पैनल अधिवक्ताओं को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता विवादों के समाधान का एक प्रभावी, सरल एवं सौहार्दपूर्ण माध्यम है, जिससे न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करने के साथ-साथ पक्षकारों के आपसी संबंधों को भी बनाए रखने में सहायता मिलती है।
उन्होंने सभी पैनल अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक उपयुक्त मामलों की पहचान कर उन्हें मध्यस्थता के लिए प्रेरित करने तथा पक्षकारों को इसके लाभों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज में संवाद एवं आपसी सहमति के माध्यम से विवादों के समाधान की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्चीला न्याय उपलब्ध कराना है।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, गुरुग्राम निशा ने पैनल अधिवक्ताओं को निर्देश दिए कि वे अपने समक्ष आने वाले प्रत्येक मामले में सौहार्दपूर्ण समाधान की संभावनाओं का गंभीरता से मूल्यांकन करें तथा पक्षकारों को आपसी सहमति से विवाद निस्तारण के लिए प्रोत्साहित करें।
बैठक में पैनल अधिवक्ताओं ने अभियान के सफल संचालन के लिए अपने सुझाव साझा किए तथा “मेडिएशन फॉर नेशन 3.0” अभियान को गुरुग्राम में सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता का आश्वासन दिया।








