गीता भवन, गुरुग्राम में जीर्णोद्धारित अन्न क्षेत्र हाल का भव्य उद्घाटन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जीर्णोद्धार के बाद अन्न क्षेत्र हाल का भव्य उद्घाटन, आध्यात्मिकता और सामाजिक सेवा के संगम का बना साक्षी समारोह।

गुरुग्राम। गीता भवन, न्यू कॉलोनी, गुरुग्राम में अन्न क्षेत्र हाल के जीर्णोद्धार के उपरांत भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। यह अवसर आध्यात्मिकता, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के अद्वितीय संगम का साक्षी बना।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। वरिष्ठ समाजसेवी श्री एच.एस. चावला ने रिबन काटकर अन्न क्षेत्र हाल का उद्घाटन किया। इसके पश्चात श्री गजेन्द्र गौसाईं द्वारा हनुमान चालीसा पाठ किया गया, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।

समारोह में पंजाबी बिरादरी महासंगठन के अध्यक्ष एवं केंद्रीय श्री सनातन धर्म सभा, गुरुग्राम के मुख्य संरक्षक श्री बोध राज सीकरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री तिलक राज मल्होत्रा, भाजपा झज्जर प्रभारी श्री हरविन्द कोहली, समाजसेवी श्री सुभाष अरोड़ा, उद्योग जगत के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व श्री धर्म सागर, धर्माचार्या डॉ. अलका शर्मा, गीता भवन के अध्यक्ष श्री सुरिंदर खुल्लर, प्रधान श्री उदय भान ग्रोवर तथा पंजाबी बिरादरी महासंगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री प्रमोद सलूजा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे।

केंद्रीय श्री सनातन धर्म सभा, गुरुग्राम के महामंत्री श्री देवराज आहूजा ने अपनी मधुर वाणी और प्रभावशाली शैली में मंच संचालन किया। शास्त्रों के उनके गहन ज्ञान और प्रेरक विचारों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने गीता भवन, गुरुग्राम की सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान केवल मंदिर संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। स्वर्गीय श्री धर्मपाल महाशय (एमडीएच मसाले वाले) के सौजन्य से प्रतिवर्ष गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त, मैट्रिमोनियल सेवा के माध्यम से हजारों परिवार लाभान्वित हुए हैं तथा मंदिर परिसर में समय-समय पर विभिन्न आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

मुख्य संरक्षक श्री बोध राज सीकरी ने अपने संबोधन में मां अन्नपूर्णा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “अन्न की बर्बादी राष्ट्र की बर्बादी है।” उन्होंने शास्त्रों और पुराणों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि अन्न को प्रसाद स्वरूप ग्रहण करना चाहिए तथा उसका सदैव सम्मान करना चाहिए।

कार्यक्रम के उपरांत भंडारा प्रसाद की सुंदर एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था श्री मनीष खुल्लर के नेतृत्व में की गई। समारोह में गीता भवन प्रबंधन समिति के 75 से अधिक सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्री राम लाल ग्रोवर, श्री गजेन्द्र गौसाईं, श्री युधिष्ठिर अल्मादी, श्री किशोरी लाल डुडेजा, श्री सुभाष डुडेजा, श्रीमती रचना बजाज, श्री अशोक सीकरी, श्री रविन्द्र खुल्लर सहित अनेक समाजसेवी एवं श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!