नायब सैनी सरकार भी केंद्र भाजपा सरकार के “भ्रष्टाचार और लूट” तंत्र के नक्शे कदम पर : रणदीप सुरजेवाला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भीषण गर्मी के बावजूद नरवाना के ‘जन अधिकार सम्मेलन’ में उमड़ा जनसैलाब।

राम मंदिर की चंदा चोरी से लेकर हरियाणा की प्राकृतिक संपदा की लूट निरंतर जारी!

पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी का दंश झेल रहा हरियाणा का युवा अपराध की दलदल में फंसा।

गरीब की थाली और पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस पर महंगाई की चौतारफा मार।

नरवाना: 11 जुलाई 2026 – आज नरवाना में आयोजित विशाल ‘जन अधिकार सम्मेलन’ में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद कार्यकर्ताओं और आम जनता का अथाह जनसैलाब उमड़ पड़ा। सम्मेलन के मुख्य अतिथि और कांग्रेस महासचिव व राज्यसभा सांसद श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला का जनता ने अभूतपूर्व स्वागत किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर सुरजेवाला ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नवनियुक्त किए गए ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों— श्री सुरेन्द्र नैन कान्हाखेड़ा (नरवाना ब्लॉक) और सरदार देवेंद्र सिंह मंटा (उझाना ब्लॉक) को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों नेताओं के अनुभव से कांग्रेस संगठन बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत होगा।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों पर तीखा हमला बोला। सुरजेवाला ने कहा कि जो लोग धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं, उनके संरक्षण में अयोध्या में प्रभु श्री राम के नाम पर ऐतिहासिक ‘चंदा चोरी’ और जमीन घोटाला हुआ है। देश की आस्था के सबसे बड़े केंद्र से सोना, चांदी, जेवरात समेत कीमती धातुओं से बनी मूर्तियों की चोरी और जमीनों की अंधाधुंध लूट ने भाजपा के ‘छद्म राष्ट्रवाद’ और ‘नकली भक्ति’ का असली चेहरा उजागर कर दिया है। आस्था को व्यापार बनाने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।

सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार भी केंद्र सरकार के “भ्रष्टाचार और लूट” तंत्र के नक्शे कदम पर चल रही है। हरियाणा की जीवनदायिनी यमुना नदी और पर्यावरण के कवच ‘अरावली की पहाड़ियों’ को भाजपा सरकार के सीधे संरक्षण में माइनिंग माफिया छलनी कर रहा है। सुरजेवाला ने कहा कि भारत के नियंत्रक-महालेखापरीक्षक (CAG) की रिपोर्ट और अदालती टिप्पणियों के अनुसार, स्वीकृत क्षेत्र से दोगुने से अधिक हिस्से पर अवैध खनन करके हर साल हरियाणा के खजाने को ₹2200 करोड़ से अधिक का चूना लगाया जा रहा है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने भी इसे “पर्यावरणीय प्लंडरिंग” करार दिया है। भाजपा सरकार के संरक्षण में हो रहे यमुना नदी में अवैध खनन के कारण आए वर्ष कई जिले बाढ़ की भयंकर त्रासदी की चपेट में आते हैं।

कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि नायब सैनी सरकार प्रदेश के युवाओं के भविष्य से क्रूर मजाक कर रही है। खट्टर-सैनी सरकार के कार्यकाल में PGT, TGT और हाल ही में हुए HTET समेत दर्जनों भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक और भारी अनियमितताएं हुई हैं। सुरजेवाला ने सबूतों के साथ बताया कि परीक्षाओं में सील टूटे हुए प्रश्नपत्र मिलना, एक्स्ट्रा OMR शीट का गायब होना यह साबित करता है कि एचपीएससी -एचएसएससी और शिक्षा बोर्ड भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुके हैं। बीते वर्षों में एचएसएससी (HSSC) और एचपीएससी (HPSC) की परीक्षाओं सहित राष्ट्रीय स्तर पर नीट (NEET) व अन्य परीक्षाओं में हुए अनगिनत पेपर लीक मामलों ने युवाओं की कमर तोड़ दी है। करोड़ों रुपये के इस कथित ‘पेपर लीक उद्योग’ ने योग्य और गरीब छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है।

सुरजेवाला ने हरियाणा भाजपा सरकार पर शिक्षा के व्यवसायीकरण करने का गंभीर आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि डॉक्टर, नर्स और फार्मासिस्ट बनने का सपना देखने वाले गरीब व मध्यमवर्गीय छात्रों से प्रदेश सरकार ‘नायब वसूली’ कर रही है। उन्होंने कहा कि रोहतक स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (UHSR) में परीक्षा और अन्य फीस में 400% से लेकर 800% तक की क्रूर बढ़ोतरी को भाजपा सरकार को तुरंत वापस लेना चाहिए।हर साल 10% की अतिरिक्त सालाना वृद्धि और 20,000 रुपये तक की लेट फीस का ‘आतंक’ युवाओं को मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। सुरजेवाला ने इसे ‘शैक्षणिक व्यापार’ बताते हुए तुरंत वापस लेने की मांग की।

वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकॉनमी (CMIE) और विभिन्न सरकारी पैमानों पर हरियाणा का युवा आज देश में सबसे उच्चतम बेरोजगारी दर झेलने को मजबूर है।रोजगार के सरकारी अवसर खत्म होने और उद्योग धंधे ठप होने के कारण हरियाणा का होनहार युवा डिप्रेशन और अपराध के दलदल में धंस रहा है या फिर ‘डंकी रूट’ के जरिए विदेशों में जान जोखिम में डाल रहा है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों का हवाला देते हुए सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा अपराधियों की शरणस्थली बन चुका है। प्रदेश में व्यापारियों से सरेआम करोड़ों की रंगदारी मांगना, दिनदहाड़े फिरौती, डकैती और हत्याएं आम बात हो गई हैं। सुरजेवाला ने कहा कि जब प्रदेश में विधायकों और जनप्रतिनिधियों तक को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा?

सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि किसानों से यूरिया और DAP के दामों में खुली लूट और कालाबाजारी चरम सीमा पर है। डीजल की आसमान छूती कीमतों के बीच किसानों को यूरिया और डीएपी खरीदने के लिए महंगे दाम चुकाने पड़ रहे हैं। किसानों को डीएपी ₹1900 और यूरिया ₹500 से ₹600 के महंगे दामों पर मिल रहा है। सीजन के समय किसानों को यूरिया की एक-एक बोरी के लिए थानों के चक्कर काटने पड़ते हैं और लाठियां खानी पड़ती हैं। सरकार खाद की जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकने में पूरी तरह नाकाम रही है।

सुरजेवाला ने कहा कि आज गरीब जनता पर महंगाई की चौतरफा मार पड़ी है। महंगाई ने गरीब का जीना मुहाल कर दिया है। पेट्रोल-डीजल पर भारी-भरकम टैक्स और ₹950 के पार जा चुकी रसोई गैस ने आम गृहणियों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। दाल, तेल, सब्जियां और दूध की कीमतें आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुकी हैं। ‘अच्छे दिन’ का नारा देने वाली भाजपा ने गरीब की थाली ही छीन ली है।

श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने नरवाना की जनता को नमन करते हुए कहा कि आज इस भीषण गर्मी में उमड़ा यह जनसैलाब इस बात का प्रतीक है कि हरियाणा की जनता भाजपा के 12 साल के कुशासन और भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है। सुरजेवाला ने हुंकार भरते हुए कहा कि हम भाजपा की इस दमनकारी और जनविरोधी नीतियों के आगे झुकने वाले नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी ने संकल्प लिया है कि हम सड़क से लेकर संसद तक जनता के अधिकारों के लिए यह जन संघर्ष मजबूती से लड़ेंगे।

आज सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बृजेंद्र सुरजेवाला, मनजीत सुरजेवाला, जगरूप सुरजेवाला, कृषक समाज प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर नैन, कांग्रेस एससी सैल जिला अध्यक्ष सतबीर दबलैन, नरवाना ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र नैन कान्हाखेड़ा, उझाना ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र मंटा, कैलाश सिंगला, जियालाल गोयल, भारत भूषण गर्ग,सुशील कौशिक एडवोकेट,आशुतोष शर्मा,युवा कृषक समाज जिला अध्यक्ष बिंदर फरैण, रामपाल उझाना, अशोक कक्कड़,उमेश रहेजा, हवा सिंह नैन,भरत सिंह मलिक, संदीप लोट, मनजीत बब्बर, सुरेश धनौरी, डॉ. शमशेर अमरगढ़, महेश गुप्ता, श्याम मिगलानी,बिट्टू सेतिया, सज्जन सिंगला प्रवीण दनोदा,धर्मवीर धमतान, विनोद अलीपुरा, बलविंदर धीमान, मोहित बंसल, प्रवीण शर्मा, छन्नाराम सैनी, सुभाष गोयत खरल, रणधीर नैन, बलराज कान्हा खेड़ा समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!