हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और कर्मचारी यूनियन प्रतिनिधियों से किया संवाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान

चंडीगढ़, 11 जुलाई। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय, चंडीगढ़ में शनिवार को हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने पार्टी के विभिन्न विभागों, प्रकोष्ठों और अग्रणी संगठनों के प्रमुखों, जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के साथ क्रमवार विस्तृत संवाद किया। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर विशेष बल दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई तथा किसानों, कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और शहर-शहर जाकर जनता के बीच संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं को पार्टी मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी कांग्रेसजन पूरी एकजुटता, अनुशासन और समर्पण के साथ जनविरोधी और भ्रष्ट सत्ता के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष को और तेज करें।

संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की आवाज बने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से संघर्ष करे। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल द्वारा संगठन को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ पालन करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है और इसी आधार पर जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

बैठक के दौरान संगठन के विभिन्न विभागों और अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे तथा संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने को लेकर विचार साझा किए। संजय दत्त ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और उन्हें संगठनात्मक कार्ययोजना में शामिल करने का भरोसा दिलाया।

बैठक के बाद हरियाणा कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने भी संजय दत्त से मुलाकात कर कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों से उन्हें अवगत कराया। इस पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और भविष्य में भी कर्मचारियों के न्यायोचित अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।

उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज को पार्टी हर स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएगी। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान, जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

संजय दत्त ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा, समर्पण और अनुशासन के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!