हरियाणा-बिहार बस सेवा से उद्योगों और प्रवासी श्रमिकों को मिलेगा बड़ा सहारा : विनोद बापना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नियमित बस सेवा से श्रमिकों को सुरक्षित, किफायती और समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिलेगी

गुरुग्राम (जतिन/राजा)। इंडस्ट्रियल लेबर फ्रेंडली हरियाणा राज्य कमेटी के वरिष्ठ सदस्य एवं कैपेरो मारुति के सीईओ विनोद बापना ने हरियाणा और बिहार के बीच शुरू होने वाली अंतरराज्यीय बस सेवा का स्वागत करते हुए इसे दोनों राज्यों के औद्योगिक विकास और प्रवासी श्रमिकों के हित में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम बताया है।

विनोद बापना ने कहा कि हरियाणा के गुरुग्राम, मानेसर, सोनीपत, पानीपत, फरीदाबाद तथा अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में बिहार के बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में नियमित एसी बस सेवा शुरू होने से इन श्रमिकों को सुरक्षित, किफायती और समयबद्ध यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से छठ पूजा, दीपावली, होली तथा फसल की बुवाई और कटाई के दौरान अपने घर आने-जाने में श्रमिकों को काफी राहत मिलेगी। अब उन्हें लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त खर्च और असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

विनोद बापना ने कहा कि बेहतर परिवहन व्यवस्था से श्रमिकों का समय और धन दोनों की बचत होगी, जिससे उद्योगों को भी स्थिर, कुशल और उपलब्ध कार्यबल सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल हरियाणा और बिहार के बीच आर्थिक, औद्योगिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत करेगी तथा व्यापार, रोजगार और निवेश को भी नई गति प्रदान करेगी।

उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए हरियाणा और बिहार सरकार का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में अन्य राज्यों के साथ भी ऐसी परिवहन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि देश के औद्योगिक विकास के साथ-साथ श्रमिकों का जीवन भी अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक बन सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!