हरियाणा कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों को सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर, प्रभारी संजय दत्त ने दिए संगठन विस्तार के दिशा-निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 *महिलाओं, युवाओं, किसानों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी भी रहे मौजूद* 

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ विस्तृत बैठक कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

बैठक में संजय दत्त ने हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी से कहा कि महिला कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए। महिलाओं के अधिकारों, नारी सशक्तिकरण, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, महंगाई, बेरोजगारी और सुरक्षा जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाया जाए। उन्होंने कहा कि राजनीति और समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना तथा उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ना महिला कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष पूनम चौहान से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सेवादल कांग्रेस संगठन की रीढ़ है। पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम में सेवादल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सेवादल कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह भरने तथा संगठन को गांव-गांव तक सक्रिय करने का आह्वान किया।

इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव से बातचीत करते हुए संजय दत्त ने कहा कि इंटक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का एक मजबूत श्रमिक संगठन है। मजदूरों और कामगारों के अधिकारों की रक्षा करना तथा उनके शोषण के खिलाफ संघर्ष करना संगठन का प्रमुख दायित्व है। उन्होंने मजदूर वर्ग के बीच व्यापक जनजागरण अभियान चलाने के निर्देश दिए।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश यादव से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नीट, यूजीसी, यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने, छात्रों को जागरूक करने तथा उन्हें संगठन से जोड़ने पर बल दिया।

ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष चंद्र प्रकाश से बातचीत करते हुए संजय दत्त ने कहा कि पिछड़ा वर्ग समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और संवैधानिक हिस्सेदारी के लिए मजबूती से संघर्ष किया जाए। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज की समस्याओं को सरकार के सामने प्रभावी ढंग से उठाकर संगठन को प्रत्येक जिले और ब्लॉक तक विस्तार दिया जाए।

हरियाणा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज से विस्तृत चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया संगठन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु है। संगठन की गतिविधियों, नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल माध्यमों से जनता तक पहुंचाने के लिए सुनियोजित रणनीति के साथ कार्य किया जाए।

पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष फोम लाल फिरोजपुर से उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के बीच कांग्रेस की नीतियों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाए। ग्रामीण विकास, पंचायतों के अधिकार और गांवों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाया जाए।

किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मवीर से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं, एमएसपी, फसल मुआवजा, सिंचाई, बिजली और कृषि से जुड़े अन्य मुद्दों को मजबूती से उठाया जाए। किसानों के हितों की रक्षा के लिए संगठन हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहे।

लीगल ह्यूमन राइट्स एवं आरटीआई विभाग के प्रदेश अध्यक्ष लाल बहादुर से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। जनहित के मामलों में कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा आरटीआई के माध्यम से जनसरोकार के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाए।

सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश अध्यक्ष मोनिका डूमरा से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया संगठन की आवाज को जनता तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने पूरी टीम को सक्रिय कर कांग्रेस की विचारधारा, संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित के मुद्दों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

एससी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज बागड़ी से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और संविधान प्रदत्त अधिकारों के लिए मजबूती से संघर्ष किया जाए तथा समाज के हर वर्ग तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित की जाए।

असंगठित कामगार एवं कर्मचारी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष नरेश मलिक से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाए। उनके अधिकारों की रक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संगठन सक्रिय भूमिका निभाए।

विचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कौशिक से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा, संविधान के मूल्यों, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वैचारिक कार्यक्रमों और संवाद को मजबूत किया जाए।

डीएनटी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धन कुमार से बातचीत करते हुए उन्होंने डी-नोटिफाइड एवं घुमंतू जातियों के अधिकारों, सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और सम्मान की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने तथा उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठन और विभाग पार्टी की ताकत हैं। यदि प्रत्येक संगठन अपने-अपने क्षेत्र में सक्रियता से कार्य करेगा तो कांग्रेस का जनाधार और संगठनात्मक ढांचा और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!