“मतदाता के अधिकारों की रक्षा करें, लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाएं”
— बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और एसआईआर प्रक्रिया पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश

चंडीगढ़, 9 जुलाई। निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अभियान को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त ने प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठकें कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय एवं अनुशासित ढंग से कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देशों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पालन करना प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता का दायित्व है। साथ ही एसआईआर अभियान के तहत व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने और प्रत्येक बूथ पर संगठन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संजय दत्त ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं तथा विभिन्न कारणों से कुछ नाम हटाए भी जा रहे हैं। ऐसे में सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, बीएलए-1, बीएलए-2 तथा संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर पूरी सतर्कता के साथ निगरानी रखी जाए, ताकि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो और किसी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित कारण के सूची से न हटाया जाए।
उन्होंने कहा कि यह केवल संगठनात्मक दायित्व नहीं, बल्कि लोकतंत्र की निष्पक्षता और प्रत्येक नागरिक के संवैधानिक मताधिकार की रक्षा का महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व है।
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भी जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए उन्हें बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने तथा एसआईआर अभियान को पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।








