हरियाणा में “गरीब विरोधी भाजपा” का लाखों अंत्योदय परिवारों के राशन पर एक और क्रूर हमला: रणदीप सिंह सुरजेवाला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

“दलितों, पिछड़ों और गरीबों के मुंह से निवाला छीनने के लिए सामने आया भाजपा का ‘नायब फॉर्मूला’।

छोटा परिवार रखने वाले अंत्योदय परिवारों को सजा दे रही है भाजपा सरकार।

चुनाव खत्म होते ही 14 लाख बीपीएल और एएवाई राशन कार्ड काटे, अब चोर दरवाजे से राशन छीनने की साजिश।”

चंडीगढ़: 7 जुलाई 2026 – कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सांसद श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर चौतरफा हमला बोलते हुए कहा है कि विधानसभा चुनाव बीतते ही भाजपा ने अपना असली गरीब-विरोधी चेहरा दिखा दिया है। प्रदेश के लाखों अंत्योदय (AAY) परिवारों के राशन और रसोई पर एक और बड़ा हमला बोलते हुए भाजपा सरकार ने गरीबों, विशेषकर दलितों और पिछड़ों के हक पर डाका डालने की घिनौनी साजिश रची है।”गरीब कल्याण” का चुनावी ढोंग करने वाली भाजपा का असली चेहरा बेनकाब है, विधानसभा चुनाव-2024 के बाद से ही बीपीएल परिवारों पर चौतरफा हमला बोल, गरीबों के मुंह से निवाला छीनने की भाजपाई क्रूरता हर हद पार कर रही है। लगातार गरीबों से हकमारी की “भाजपाई साजिश” हरियाणा के लाखों गरीब परिवारों के लिए सजा बन गई है।

सुरजेवाला ने भाजपा के नए “नायब फॉर्मूले” का पर्दाफाश करते हुए कहा है कि अभी तक प्रदेश में अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के तहत प्रत्येक कार्ड धारक परिवार को हर महीने अनिवार्य रूप से 35 किलो गेहूं देने का नियम था। परन्तु भाजपा सरकार अब परिवार के सदस्यों की संख्या का बहाना बनाकर इस निश्चित कोटे को छीन रही है। नए नियम के तहत अब प्रति सदस्य केवल 7 किलो गेहूं देने की बात कही जा रही है। इसका सीधा मतलब यह है कि जिस गरीब परिवार में 3 सदस्य हैं, उन्हें अब 35 किलो की जगह सिर्फ 21 किलो अनाज मिलेगा (14 किलो की कटौती)। जिस परिवार में 4 सदस्य (पति, पत्नी और दो बच्चे) हैं, उन्हें 35 किलो की जगह सिर्फ 28 किलो अनाज मिलेगा (7 किलो की कटौती)। नायब सैनी सरकार लगातार हरियाणा के गरीब परिवारों से धोखे और हकमारी पर उतारू है।

हरियाणा के गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग के आमजन का वोट लेकर धोखा देने वाली भाजपा सरकार, अब गरीब परिवारों के हिस्से की “राशन चोरी” की हद तक गिर गई है।

कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने सरकार की दोहरी नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ तो हरियाणा में पंच, सरपंच, पंचायत समिति व जिला परिषद का चुनाव लड़ने के लिए सरकार ने अधिकतम दो बच्चों (छोटे परिवार) का नियम अनिवार्य कर रखा है। वहीं दूसरी तरफ, जब गरीबों को राशन देने की बात आती है, तो सरकार छोटा परिवार रखने वाले गरीबों को ही राशन काटकर सजा दे रही है। यह भाजपा की घोर संवेदनहीनता का प्रमाण है। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव 2024 के संपन्न होने के बाद से लेकर अब तक भाजपा सरकार ने प्रदेश में करीब 14 लाख बीपीएल (BPL) और अंत्योदय (AAY) परिवारों के राशन कार्ड बेरहमी से काट दिए हैं। उन्होंने कहा कि जब जनता ने इस तानाशाही का विरोध करना शुरू किया, तो सरकार ने सीधा राशन कार्ड काटने की बजाय अब चोर दरवाजे से राशन की मात्रा कम करने की यह नई साजिश रची है ताकि जनता के आक्रोश से बचा जा सके।

सांसद रणदीप सुरजेवाला ने सीधे शब्दों में कहा कि दरअसल सच्चाई यह है कि भाजपा के मन में गरीबों, पिछड़ों और दलितों के प्रति गहरी नफरत है। यही नफरत बार-बार सरकार की नीतियों और साजिशों के रूप में सामने आ रही है। “धोखे और अत्याचार की गारंटी” बन चुकी भाजपा सरकार द्वारा गरीब परिवारों के मुंह से निवाला छीनने के इस महापाप को हरियाणा प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस पार्टी सड़क से संसद तक गरीबों के हक की इस लड़ाई को मजबूती से लड़ेगी और सरकार को यह गरीब-विरोधी फैसला वापस लेने पर मजबूर करेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!