सीएंडडी वेस्ट के सही निस्तारण के लिए नागरिकों को जागरूक करेंगी स्वच्छता टीमें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

घरों में चल रहे निर्माण एवं तोड़फोड़ कार्यों की होगी पहचान, भवन मालिकों को दी जाएगी सही निस्तारण प्रक्रिया की जानकारी

गुरुग्राम, 6 जुलाई। नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने अपने कार्यालय में आयोजित बैठक में स्वच्छता टीमों को शहर में निर्माण एवं तोड़फोड़ से निकलने वाले सीएंडडी वेस्ट के स्रोतों की पहचान करने तथा नागरिकों को इसके सही निस्तारण के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी करें तथा उन घरों एवं भवनों की पहचान करें, जहां निर्माण, मरम्मत या तोड़फोड़ का कार्य चल रहा है। संबंधित भवन मालिकों को सीएंडडी वेस्ट के नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाए, ताकि मलबा सड़कों, खाली प्लॉटों, ग्रीन बेल्ट या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर न डाला जाए।

आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को भी किया जाएगा जागरूक

अतिरिक्त निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि इस अभियान में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्हें सीएंडडी वेस्ट के उचित प्रबंधन एवं निस्तारण के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि वे अपने क्षेत्रों में नागरिकों को जागरूक करने में नगर निगम का सहयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को सही जानकारी देकर जिम्मेदार वेस्ट मैनेजमेंट की संस्कृति विकसित करना भी है।

पहले जागरूकता, नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

नगर निगम की स्वच्छता टीमें निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों पर नजर रखेंगी और भवन मालिकों को सीएंडडी वेस्ट के उचित निस्तारण के लिए मार्गदर्शन देंगी। नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर मलबा नहीं डालने के लिए जागरूक किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर गुरुग्राम के लिए सीएंडडी वेस्ट का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निस्तारण जरूरी है। इसमें नगर निगम के साथ नागरिकों और आरडब्ल्यूए की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!