एचटेट-2026 की तीनों स्तरों की परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*टीजीटी में 4,936 तथा पीआरटी में 2,525 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा*

*शनिवार और रविवार को कुल 10,676 अभ्यर्थी हुए परीक्षा में शामिल*

*प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण*

गुरुग्राम, 5 जुलाई। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के अंतर्गत जिले में 4 जुलाई को लेवल-3 (पीजीटी) तथा 5 जुलाई को लेवल-2 (टीजीटी) एवं लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षाएं शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल संचालन के लिए किए गए सभी प्रबंध प्रभावी रहे तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समयानुसार संपन्न हुई।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि तीनों स्तरों की परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 15,367 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 10,676 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 4 जुलाई को आयोजित लेवल-3 (पीजीटी) परीक्षा के लिए 4,674 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3,215 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 1,459 अनुपस्थित रहे। रविवार को आयोजित लेवल-2 (टीजीटी) परीक्षा के लिए 6,984 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4,936 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 2,048 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार लेवल-1 (पीआरटी) परीक्षा के लिए 3,709 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,525 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी तथा 1,184 अनुपस्थित रहे।

उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नायब तहसीलदार सुरेंद्र भारद्वाज ने फ्लाइंग स्क्वॉड के साथ सी.आर. स्कूल, झाड़सा तथा सलवान पब्लिक स्कूल, सेक्टर-15 पार्ट-2 का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि अथवा अभ्यर्थियों को होने वाली असुविधा पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के समन्वित प्रयासों से सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई तथा अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया गया।

डीसी ने कहा कि परीक्षा के दौरान बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराई गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई। सभी संबंधित विभागों ने आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!