‘छात्रों की गूंज’ से हरियाणा में बदलाव का बिगुल, युवाओं के हक की लड़ाई सड़क से संसद तक ले जाएगी कांग्रेस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया अभियान का शुभारंभ, बोले— छात्रों के टूटे सपनों को न्याय दिलाने का समय;

निशित कटारिया का ऐलान— पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बेरोजगारी के खिलाफ चलेगा 40 दिवसीय जनसंपर्क अभियान

रोहतक, 5 जुलाई। हरियाणा की राजनीति में छात्रों और युवाओं के मुद्दों को केंद्र में लाने के उद्देश्य से युवा कांग्रेस ने रविवार को रोहतक से 40 दिवसीय “छात्रों की गूंज” अभियान का आगाज़ किया। अभियान की शुरुआत हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पोस्टर का लोकार्पण कर की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश का छात्र और युवा आज अपने भविष्य को लेकर सबसे अधिक असुरक्षित महसूस कर रहा है और अब उसकी आवाज़ बदलाव की हुंकार बनेगी।

युवा कांग्रेस हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि आगामी 40 दिनों तक युवा कांग्रेस की टीम प्रदेश के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेगी। शिक्षा, रोजगार, संवैधानिक अधिकार, सामाजिक न्याय और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था जैसे मुद्दों पर छात्रों की राय लेकर उसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।

चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा शासन में बार-बार हुए पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और प्रशासनिक विफलताओं ने लाखों मेहनती युवाओं के सपनों को कुचलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब व्यवस्था ही युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने लगे, तब लोकतांत्रिक संघर्ष ही सबसे बड़ा विकल्प होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि “छात्रों की गूंज” अभियान हरियाणा में बदलाव की नई चेतना जगाएगा और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा देगा।

हुड्डा ने निशित कटारिया को मेहनती, संघर्षशील और जमीनी युवा नेता बताते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों और आमजन के अधिकारों की आवाज़ रही है तथा भविष्य में भी अन्याय और भेदभाव के खिलाफ पूरी ताकत से संघर्ष करती रहेगी।

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हरियाणा और देश का युवा आज व्यवस्था की विफलताओं की सबसे बड़ी कीमत चुका रहा है। उन्होंने कहा कि नीट सहित अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया। शिक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है, आरक्षित वर्गों की हजारों सीटें खाली पड़ी हैं और रिकॉर्ड स्तर की बेरोजगारी ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना दिया है।

उन्होंने कहा कि “जब छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हो, तब चुप्पी सबसे बड़ा अपराध बन जाती है।” आज हर छात्र व्यवस्था से जवाब मांग रहा है कि उसकी मेहनत का सम्मान होगा या वह बार-बार भ्रष्ट व्यवस्था का शिकार बनेगा। युवा कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ गांव-गांव, कॉलेज-कॉलेज और सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष को और तेज करेगी।

कटारिया ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार युवाओं, छात्रों, बेरोजगारों और वंचित वर्गों के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठा रहे हैं। कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि देश की असली ताकत उसका युवा है और उसके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा छात्रों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर हरदीप राणा, जिला अध्यक्ष प्रतीक चौधरी, प्रदेश महासचिव मोहित मलिक, अजय हुड्डा, तन्मय चौधरी, मोहित राठी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!