गिरते भूजल स्तर के कारण जिले के गांवों में गहराया पेयजल संकट, सरकार नहीं दे रही कोई ध्यान: कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सांसद निधि कोष से 18 गांवों को वितरित किए पानी के टैंकर, 4 दिव्यांगजनों को दी इलेक्ट्रिक स्कूटी

सिरसा, 5 जुलाई। भीषण गर्मी और लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण क्षेत्र के कई गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए पड़ोसी राज्य राजस्थान से पानी लाकर गुजारा करना पड़ रहा है। गांवों में अधिकांश जलघर सूख चुके हैं। ग्रामीण इलाकों में हालात बद से बदतर हैं। दिनोंदिन पेयजल किल्लत गहरा रही है। सरकार पानी को लेकर कोई ध्यान नहीं दे रही। हर मोर्चे पर भाजपा सरकार फेल है। उक्त बात हरियाणा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्लूसी) सदस्य कुमारी सैलजा ने रविवार शहीद भगत सिंह स्टेडियम में सांसद निधि कोष से 18 गांवों को पानी के टैंकर व 4 दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटी वितरण देने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।

सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि सिरसा जिले में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली, पानी के टैंकर और अन्य साधनों से राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में जाकर पानी भरकर ला रहे हैं। इस कारण लोगों को समय के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें कई किलोमीटर दूर तक पानी लाने के लिए जाना पड़ता है। पर्याप्त वर्षा नहीं होने और भूजल के अत्यधिक दोहन के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। कई गांवों में पीने योग्य पानी की उपलब्धता बेहद सीमित रह गई है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। भाजपा सरकार पेयजल किल्लत को लेकर गंभीर नहीं है।

सांसद ने कहा कि सिरसा जिले के प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जहां आवश्यकता है वहां टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि लोगों को पानी मुहैया करवाएं, जहां ज्यादा दिक्कत हैं वहां टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाया जाए। इस मौके पर सांसद के साथ सिरसा विधायक गोकुल सेतिया, कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरभान मेहता, राजकुमार शर्मा, सतपाल मेहता, नवीन केडिया, राजेश चाडीवाल, आरसी लिंबा, सुरजीत भावदीन, भूपेंद्र राठौड़, लादूराम पूनिया सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।

18 गांवों को पानी के दिए टैंकर

सांसद कुमारी सैलजा ने रविवार को साहुवाला प्रथम, कुत्ताबढ़, भारूखेड़ा, जोगेवाला, जंडवाला बिश्रोईयां, मोडियाखेड़ा, मोचीवाली, साहुवाला द्वितीय, नहराणा, मलिकपुरा, हस्सू, जगमालवाली, कुस्सर, रामपुर थेड़ी, संतनगर, नकोड़ा, आसाखेड़ा व शहीदांवाली की ग्राम पंचायतों को पानी के टैंकर वितरित किए। इस दौरान सांसद ने डबवाली, पोहडक़ा, रामपुरा ढिल्लों में दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटी वितरित की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!