इच्छुक व्यक्ति या संस्थान डिजिटल रूप से अनुमति लेकर पुनः उपयोग योग्य सी एंड डी वेस्ट कर सकते हैं निशुल्क प्राप्त
पहली बार गुरुग्राम में जीएमडीए ने शुरू की अनूठी पहल

गुरुग्राम, 4 जुलाई:- कंस्ट्रक्शन और डिमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट के प्रबंधन एवं पुनः उपयोग को बढ़ावा देने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने ऑनलाइन सीएंडडी वेस्ट पोर्टल लॉन्च किया है। पहली बार गुरुग्राम में जीएमडीए द्वारा शुरू की गई इस अनूठी पहल का लाभ उठाने के लिए इच्छुक व्यक्ति या संस्थान https://gmda.gov.in/gmdawaste/ पर क्लिक करें। इसके माध्यम से कोई भी नागरिक, ठेकेदार एवं संस्थान डिजिटल अनुमति प्राप्त कर सरल प्रक्रिया के ज़रिए पुनः उपयोग योग्य कंस्ट्रक्शन वेस्ट नि:शुल्क प्राप्त कर सकते हैं । जीएमडीए द्वारा समय समय पर शहर में अनेक स्थानों पर अनाधिकृत रूप से डाले गए सी एंड डी वेस्ट को उठाने की चलाई गई मुहिम के दौरान जो वेस्ट मिला, उसे बहरामपुर के कलेक्शन सेंटर में इकट्ठा किया गया ।
लॉंच किए गए इस पोर्टल के माध्यम से आवेदक सेक्टर-72 स्थित बेहरामपुर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निकट जीएमडीए के निर्धारित कलेक्शन सेंटर से पुनः उपयोग योग्य सी एंड डी वेस्ट के कलेक्शन एवं ट्रांसपोर्टेशन के लिए ऑनलाइन अनुमति प्राप्त कर सकते हैं । इस सुविधा का उद्देश्य कंस्ट्रक्शन वेस्ट के पुनः उपयोग को बढ़ावा देना, अनावश्यक डिस्पोजल को कम करना तथा निर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पुनः उपयोग योग्य कंस्ट्रक्शन वेस्ट का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा पर्यावरण-अनुकूल शहरी विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि सीएंडडी वेस्ट को बेकार सामग्री नहीं, बल्कि एक मूल्यवान संसाधन के रूप में देखा जाना चाहिए। ऐसा करने से सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा मिलेगा ।
उन्होंने बताया कि आवेदक मोबाइल नंबर तथा ओटीपी सत्यापन के माध्यम से कुछ ही मिनटों में अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन करते समय उन्हें उस स्थान का विवरण देना होगा, जहां सामग्री का पुनः उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही जीएमडीए के कलेक्शन सेंटर से सी एंड डी वेस्ट के ट्रांसपोर्टेशन में उपयोग होने वाले वाहन का पंजीकरण नंबर, वाहन का प्रकार एवं उसकी वहन क्षमता जैसी जानकारी भी देनी होगी। आवेदन जमा होते ही क्यूआर कोड युक्त अनुमति पत्र तत्काल जारी हो जाएगा, जिसकी वैधता सात दिनों तक रहेगी।
कलेक्शन सेंटर से सामग्री जारी करने से पहले जीएमडीए के अधिकृत अधिकारी द्वारा क्यूआर कोड का सत्यापन किया जाएगा। आवेदक कितने ही आवेदन कर सकता है, उनकी संख्या पर कोई सीमा निर्धारित नहीं है तथा पुनः उपयोग योग्य सीएंडडी वेस्ट पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
श्री मीणा के अनुसार यह पोर्टल हिन्दी और अंग्रेजी में द्विभाषीय है, जिस पर अनुमति पत्र डाउनलोड करने, क्यूआर कोड आधारित सत्यापन तथा ऑनलाइन आवेदन की प्रगति देखने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं । यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सुरक्षित एवं उपयोगकर्ताओं के अनुकूल बनाई गई है।
जीएमडीए ने नागरिकों, ठेकेदारों, संस्थानों तथा अन्य हितधारकों से अपील की है कि वे इस पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग कर कंस्ट्रक्शन वेस्ट के जिम्मेदार पुनः उपयोग, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा स्वच्छ एवं सतत शहरी विकास में अपना योगदान दें।








