एचटेट-2026 की पीजीटी परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

22 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने दी लेवल-3 (पीजीटी) परीक्षा

रविवार को टीजीटी एवं पीआरटी परीक्षाओं के लिए भी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी

गुरुग्राम, 4 जुलाई- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के अंतर्गत शनिवार को जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर लेवल-3 (पीजीटी) परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए गए सभी प्रबंध प्रभावी रहे और सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समयानुसार संपन्न हुई।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि अथवा अभ्यर्थियों को होने वाली असुविधा पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के समन्वित प्रयासों से सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई तथा अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया गया।

डीसी ने कहा कि परीक्षा के दौरान बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराई गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई। सभी संबंधित विभागों ने आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि रविवार, 5 जुलाई को आयोजित होने वाली लेवल-2 (टीजीटी) एवं लेवल-1 (पीआरटी) परीक्षाओं के लिए भी सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। जिले में टीजीटी परीक्षा में 6,984 तथा पीआरटी परीक्षा में 3,709 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन आगामी दोनों परीक्षाओं को भी शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

एचटेट-2026 की पीजीटी परीक्षा के दौरान एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार ने सेक्टर-34 स्थित डीपीजी कॉलेज के तीन परीक्षा केंद्रों तथा सेक्टर-10 स्थित ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया तथा बोर्ड के दिशा-निर्देशों के पालन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र अधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!