मानसून के दौरान 24×7 अलर्ट पर एमसीजी का मानसून प्रबंधन कॉल सेंटर, फील्ड की हर गतिविधि पर रखी जा रही पैनी नजर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीसीटीवी, फील्ड टीमों और नागरिकों से लगातार समन्वय कर जलभराव व अन्य समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित

गुरुग्राम, 2 जुलाई। मानसून के दौरान शहर में जलभराव एवं अन्य आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने विशेष मानसून प्रबंधन कॉल सेंटर स्थापित किया हुआ है। यह कॉल सेंटर 24×7 निगरानी व्यवस्था के तहत कार्य करते हुए फील्ड की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है तथा विभिन्न फील्ड टीमों, अधिकारियों और नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है।

सीसीटीवी और फील्ड टीमों के माध्यम से हो रही रियल टाइम मॉनिटरिंग

मानसून कॉल सेंटर में तैनात कर्मचारी बारिश शुरू होते ही पूरी तरह सक्रिय हो जाते हैं। शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जलभराव एवं अन्य परिस्थितियों पर रियल टाइम निगरानी रखी जाती है। इसके साथ ही फील्ड में कार्यरत टीमों एवं अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए आवश्यकतानुसार मशीनरी एवं संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित की जाती है।

अधिकारियों द्वारा लगातार किया जा रहा स्थिति का मूल्यांकन

बरसात के दौरान वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर फील्ड की स्थिति का आकलन करते हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हैं। इसी क्रम में वीरवार शाम अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने मानसून प्रबंधन कॉल सेंटर स्टाफ के साथ बैठक करके शहर के विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कॉल सेंटर स्टाफ के साथ वर्षा की स्थिति, जलभराव वाले स्थानों तथा फील्ड टीमों की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया और त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जलभराव की सूचना मिलते ही तुरंत सक्रिय होती हैं टीमें

कॉल सेंटर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों, सीसीटीवी फुटेज और फील्ड रिपोर्ट के आधार पर संबंधित जोन की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा जाता है। पंप, सुपर सकर मशीन, जेटिंग मशीन एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की मदद से जल निकासी का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाता है, ताकि नागरिकों को असुविधा न हो।

नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा, सुचारू यातायात और जलभराव की समस्या का त्वरित समाधान निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए मानसून प्रबंधन कॉल सेंटर लगातार सक्रिय रहकर पूरे शहर की निगरानी कर रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित फील्ड टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें