*जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट सहयोग के लिए स्वास्थ्य विभाग ने दिया प्रशंसा-पत्र*
*सरकार और सामाजिक संस्थाओं की साझेदारी से स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और अधिक मजबूत-तेजपाल तंवर*

गुरुग्राम, 2 जुलाई-राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर गुरुवार को उप-स्वास्थ्य केंद्र, कादरपुर में आयोजित कार्यक्रम में जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने पर एम3एम फाउंडेशन को स्वास्थ्य विभाग गुरुग्राम द्वारा प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने, स्वास्थ्य अवसंरचना के विकास तथा टीबी मुक्त भारत अभियान में दिए गए विशेष सहयोग के लिए प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचे विधायक तेजपाल तंवर ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में सरकार के साथ सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एम3एम फाउंडेशन ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर जिस प्रकार प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और टीबी मरीजों की सहायता के लिए कार्य किया है, वह अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे प्रयासों से आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है।
एम3एम फाउंडेशन ने अपने ‘कर्तव्य’ कार्यक्रम के तहत उप-स्वास्थ्य केंद्र, कादरपुर का नवीनीकरण कराया, आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए तथा 90 टीबी मरीजों को पौष्टिक राशन किट उपलब्ध कराई हैं। इस पहल का उद्देश्य प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना तथा जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।
इस अवसर पर सिविल सर्जन लोकवीर सिंह, उप सिविल सर्जन (टीबी) डॉ. योगेंद्र सिंह, पार्षद नारायण भड़ाना, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मी, स्थानीय समुदाय के सदस्य तथा एम3एम फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








