एसआईआर प्रक्रिया पर कांग्रेस की पैनी नजर, पात्र मतदाता का नाम नहीं कटने देंगे : राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मतदाता सूची पुनरीक्षण की निगरानी के लिए हाई लेवल कमेटी गठित, पारदर्शिता पर दिया जोर

पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और राम मंदिर मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा

पलवल/चंडीगढ़, 2 जुलाई। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस पार्टी पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए पार्टी ने हाई लेवल कमेटी का गठन किया है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और फर्जी वोट न बन सकें।

पलवल जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के वोट काटे गए, जिससे कई नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित हो गए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होना चाहिए।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता के दौरान राव नरेंद्र सिंह ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोटा से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू कर युवाओं की आवाज बुलंद की है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।

उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में भाजपा सरकार के दौरान 90 से अधिक पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। शिक्षा व्यवस्था पर माफियाओं का कब्जा हो गया है और सरकार इस पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रदेशभर में जागरूकता अभियान चला रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।

राव नरेंद्र सिंह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की। उनका कहना था कि भाजपा सरकार में बड़े मामलों के बावजूद जवाबदेही तय नहीं की जाती।

राम मंदिर में कथित चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था राम मंदिर से जुड़ी है और इस तरह की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राम मंदिर के मुद्दे पर जनता को भ्रमित करने का काम किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!