उपमंडल पटौदी में समाधान शिविर में एसडीएम ने सुनी समस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर निपटारा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविरों का फायदा उठाएं नागरिक: एसडीएम दिनेश लुहाच

पटौदी, 02 जुलाई। पटौदी उपमंडल के एसडीएम दिनेश लुहाच की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान किया गया। शिविर में उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें मुख्य रूप से पीपीपी, पेंशन संबंधित समस्याएं और राजस्व मामलों से जुड़ी शिकायतें शामिल रही। शिविर में प्रदेशभर में आयोजित समाधान शिविरों के प्रभावी संचालन के लिए परिवार पहचान पत्र से जुड़े मामलों के समन्वय हेतु स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला भी मौजूद रहे।

एसडीएम ने नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है, ताकि जनता का प्रशासन पर भरोसा और ज्यादा मजबूत हो। शिविर में विभिन्न शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि कुछ मामलों में आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने के लिए समय सीमा निर्धारित की गई।

एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और शिकायतकर्ताओं को समाधान होने पर जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि उपमंडल स्तर के साथ साथ जिला स्तर पर भी प्रत्येक सोमवार तथा वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर का आयोजन हो रहा है। नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविरों का फायदा उठाएं।

शिविर में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) के स्टेट कॉर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पीपीपी से जुड़ी शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण की स्थिति का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा पात्र नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र में दर्ज त्रुटियों का समय पर सुधार होने से नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सकेगा। साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!