राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर हरियाणा विधान सभा सचिवालय में रक्तदान का उत्साह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बढ़ाया रक्तदाताओं का हौसला, मात्र 3 घंटे में एकत्रित हुईं 123 यूनिट रक्त

चंडीगढ़, 1 जुलाई – राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर हरियाणा विधान सभा सचिवालय द्वारा बुधवार को आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सामाजिक सरोकार और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बना। महज तीन घंटे के भीतर 150 अधिकारी एवं कर्मचारी रक्तदान के लिए पहुंचे, जिनमें से 123 रक्तदाताओं ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया। 27 इच्छुक व्यक्तियों को चिकित्सकीय जांच के बाद स्वास्थ्य संबंधी कारणों से रक्तदान की अनुमति नहीं दी गई।

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शिविर का अवलोकन कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सकीय आवश्यकता की पूर्ति नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने का आधार बन सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर चिकित्सकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि डॉक्टर अपने ज्ञान, समर्पण और सेवा-भाव से असंख्य लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं।

रक्तदान शिविर का नेतृत्व हरियाणा रेडक्रॉस की नोडल अधिकारी पूनम मलिक ने किया, जबकि सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने रक्त संग्रहण की पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच से लेकर रक्त संग्रहण तक सभी आवश्यक चिकित्सकीय मानकों का पालन किया गया।

इस शिविर में हरियाणा विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ पंजाब विधान सभा तथा हरियाणा सिविल सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। संसदीय कार्य विभाग के विशेष सचिव आईएएस पंकज कुमार, हरियाणा विधान सभा के सचिव राजीव प्रसाद ने अनेक वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रक्तदान कर कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने इसे सामाजिक दायित्व निभाने का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। शिविर का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने के अभियान को सशक्त बनाना रहा।

रक्तदान शिविर में विश्वास फाउंडेशन की पंचकूला इकाई की ओर से रक्तदाताओं को रिफ्रेशमेंट व भेंट स्वरूप उपहार दिए गए। विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास के नेतृत्व में संयुक्त सचिव सरल विश्वास, अविनाश शर्मा, वर्षा शर्मा, मधू खन्ना, रमेश कुमार सुमन, वरिंद्र कुमार गांधी, श्याम सुंदर साहनी, सत्य भूषण खुराना और दविंद्र कुमार ने सेवा दी। 

निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 112 का चेकअप

इस अवसर पर कर्मचारियों के समग्र स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए डॉ. अग्रवाल समूह के मीर्चिया आई अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में 112 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी आंखों की जांच करवाई। विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों ने आधुनिक उपकरणों से परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया तथा आंखों की नियमित देखभाल और समय-समय पर जांच कराने की आवश्यकता पर बल दिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!