-सेक्टर-29 में अग्निशमन वाहनों के लिए नए उपचारित जल हाइड्रेंट की शुरुआत

गुरुग्राम, 1 जुलाई – सतत जल प्रबंधन और पेयजल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सेक्टर-29 में एक नए उपचारित जल (ट्रीटेड वाटर) हाइड्रेंट की शुरुआत की है। इसे जीएमडीए के उपचारित अपशिष्ट जल (ट्रीटेड वेस्ट वॉटर) पाइपलाइन नेटवर्क से जोड़ा गया है, जिससे अब अग्निशमन विभाग शहर में आग बुझाने के लिए उपचारित जल का उपयोग कर सकेगा। इससे गैर-पेय कार्यों में पीने योग्य पानी के उपयोग पर निर्भरता कम होगी और पेय जल की बचत होगी ।
सेक्टर 29 क्षेत्र में बिछाई गई उपचारित जल पाइपलाइन के माध्यम से पहले से ही महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क (लेजर वैली पार्क) में बागवानी और सिंचाई के लिए उपचारित जल उपलब्ध कराया जा रहा है। नए हाइड्रेंट के शुरू होने से अब यही उपचारित जल अग्निशमन वाहनों के लिए भी उपलब्ध होगा, जिससे उपचारित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग को और बढ़ावा मिलेगा।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने बताया कि प्राधिकरण अपने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों से प्राप्त उपचारित अपशिष्ट जल के अधिकतम उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है तथा गैर-पेय उपयोगों के लिए यह आसानी से उपलब्ध होगा । उन्होंने कहा कि अग्निशमन, सिंचाई, निर्माण और औद्योगिक कार्यों में उपचारित जल के उपयोग से उतनी ही मात्रा में पीने योग्य पानी की बचत होगी । इससे प्राकृतिक जल संसाधनों का संरक्षण होता है तथा भूजल पर निर्भरता भी कम होती है।
उन्होंने बताया कि जीएमडीए वर्तमान में अपने विभिन्न सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 243 एमएलडी अपशिष्ट जल का उपचार कर रहा है। इनमें से लगभग 188 एमएलडी उपचारित जल का उपयोग गुरुग्राम में बागवानी, सिंचाई, औद्योगिक उपयोग, निर्माण कार्यों तथा अन्य नगर निगम संबंधी कार्यों में किया जा रहा है।
उपचारित जल के उपयोग को बढ़ाने के लिए जीएमडीए ने सेक्टर-1 से सेक्टर-80 तक लगभग 86 किलोमीटर लंबा उपचारित अपशिष्ट जल पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया है और इसके अलावा 19 किलोमीटर पाइपलाइन का निर्माण कार्य प्रगति पर है।यही नहीं, सरकारी विभागों एवं सार्वजनिक एजेंसियों को उपचारित जल आसानी से उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर उपचारित जल हाइड्रेंट भी स्थापित किए गए हैं। इनमें बेहरामपुर एसटीपी, सेक्टर-66 के निकट सदर्न पेरिफेरल रोड, सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम, सेक्टर-52 स्थित ताऊ देवीलाल जैव विविधता पार्क, सेक्टर-45 में यूनिटेक साइबर पार्क के सामने तथा अब सेक्टर-29 शामिल हैं।
श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि जीएमडीए उपचारित अपशिष्ट जल के शत-प्रतिशत उपयोग के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रहा है। इसके लिए उपचार क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ उपचारित जल वितरण नेटवर्क का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि उपचारित जल की एक-एक बूंद का उपयोग सुनिश्चित करते हुए गुरुग्राम में शहरी जल प्रबंधन को और सुदृढ़ बनाया जा सके तथा पीने के पानी की ज़्यादा से ज़्यादा बचत हो सके।








