मॉनसून से पहले जलभराव से निपटने की तैयारियों का डीसी उत्तम सिंह ने किया स्थलीय निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर जलनिकासी व्यवस्था परखी, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 28 जून। मॉनसून के आगमन से पहले शहर को जलभराव मुक्त रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। डीसी उत्तम सिंह ने रविवार को स्वयं फील्ड में पहुंचकर शहर के विभिन्न जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और जलनिकासी व्यवस्था की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान नगर निगम गुरुग्राम तथा गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने सुशांत लोक फेज-1 तथा सेक्टर-10ए सहित विभिन्न स्थानों का दौरा किया, जहां पिछले वर्षों में वर्षा के दौरान जलभराव की अधिक समस्या सामने आई थी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में जलनिकासी तंत्र, पंपिंग स्टेशनों, नालों और ड्रेनेज नेटवर्क की कार्यक्षमता का नियमित परीक्षण किया जाए तथा जहां भी किसी प्रकार की कमी हो, उसे तत्काल दूर किया जाए।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि इस वर्ष मॉनसून के दौरान शहर के किसी भी हिस्से में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक संवेदनशील बिंदु पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि बारिश के दौरान यातायात, जनजीवन और आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित रह सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलनिकासी से जुड़े सभी उपकरण, पंपिंग मशीनें और अन्य संसाधन पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रखे जाएं। जिन स्थानों पर आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त संसाधनों और कर्मचारियों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए, ताकि वर्षा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉनसून के पूरे मौसम के दौरान फील्ड में नियमित निगरानी बनाए रखें, शिकायतों का त्वरित समाधान करें तथा ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें कि बारिश के कारण आमजन के दैनिक जीवन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े।

इस दौरान नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त डॉ प्रीतपाल सिंह, निगम पार्षद विकास यादव, महावीर तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!