गुरुग्राम महानगर पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत
कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों से मिला अपार स्नेह और सम्मान ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है: डा. अर्चना गुप्ता
मोदी सरकार के 12 साल आम नागरिकों के जीवन में आए क्रांतिकारी बदलाव की साक्षी रहे हैं: डा. अर्चना गुप्ता
नायब सरकार गरीब, किसान, युवा और महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है: डा. अर्चना गुप्ता

चंडीगढ़, 27 जून। गुरुग्राम महानगर मानेसर पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का जिला अध्यक्ष अजीत यादव, विधायक बिमला चौधरी, विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व मंत्री संजय सिंह, राजकुमार बोहरा, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता, मेयर डा. इंद्रजीत कौर, समय सिंह भाटी व कार्यकर्ताओं ने बड़ी पुष्पमाला और पुष्प गुच्छ देकर भव्य एवं जोरदार स्वागत किया। विभिन्न सामाजिक संगठनों, पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं, सम्मानित सरपंचों और कार्यकर्ताओं ने डा. अर्चना गुप्ता का अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और जय श्रीराम, मोदी नायब जिंदाबाद, डा. अर्चना गुप्ता जिंदाबाद के नारे लगाकर प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन और स्वागत किया।
डा. गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनका नहीं, बल्कि भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि आप सभी का यह अपार स्नेह और सम्मान ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के स्वागत के लिए जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए।

एचएसआईआईडीसी ऑडिटोरियम, मानेसर में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि चुनावों में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अधिक निर्णायक होती है। उन्होंने कहा कि जब बूथ का कार्यकर्ता अपना बूथ जीतकर संगठन की झोली में डालता है तभी भाजपा की जीत सुनिश्चित होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मेरा बूथ, सबसे मजबूत के मंत्र के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला मजबूत संगठन है और कार्यकर्ता ही इसकी रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार और आम जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण सेतु हैं तथा उनके अथक परिश्रम के कारण ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
प्रदेश अध्यक्ष डा अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि यह 12 साल केवल सत्ता संचालन के ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में आए क्रांतिकारी बदलाव की साक्षी रहे हैं। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों में मोदी सरकार ने सुशासन से समृद्धि की परिकल्पना को धरातल पर उतारा गया है और विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं। करोड़ों गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों के पक्के घर का सपना साकार हुआ है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार की उपलब्धियों पर बोलते हुए कहा कि नायब सरकार गरीब, किसान, युवा और महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। युवाओं को योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से रोजगार मिल रहा है, हर घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है, जिसका लाभ प्रदेश की लाखों महिलाओं को मिल रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने जल संरक्षण, पौधारोपण और प्राकृतिक खेती को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता जोर देते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने पर भी जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के बिना आने वाली पीढ़ियों का सुरक्षित भविष्य संभव नहीं है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी, उत्पादन लागत घटेगी और लोगों को रसायन मुक्त, स्वस्थ खाद्यान्न उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण और सतत विकास के लिए सरकार तथा समाज को मिलकर कार्य करना होगा, तभी पर्यावरण संतुलन और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित किया जा सकेगा।
*डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन होगा और मजबूत: तेजपाल तंवर*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तेजपाल तवर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा कार्यकर्ताओं, विशेषकर महिला शक्ति को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटा हुआ है।
तेजपाल तंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है और गरीब, किसान, युवा, महिला तथा वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
*भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी का विस्तार नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा: बिमला चौधरी*
पटौदी से विधायक बिमला चौधरी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता का प्रदेश अध्यक्ष बनना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनके नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी संगठन में और अधिक बढ़ेगी तथा पार्टी का विस्तार नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को नेतृत्व के अवसर देने वाली पार्टी है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा आमजन से लगातार संवाद स्थापित करें।
*जिला अध्यक्ष अजीत यादव ने डा. अर्चना गुप्ता व सभी नेताओं का जताया आभार*
भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत यादव ने कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
अजीत यादव ने विश्वास दिलाया कि संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व को कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ धरातल पर उतारेंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान के तहत कार्यकर्ता लगातार पौधे लगा रहे हैं और उनके संरक्षण का कार्य भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने में जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अजीत यादव, विधायक बिमला चौधरी, विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व मंत्री संजय सिंह, राजकुमार बोहरा, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता, पूर्व जिला अध्यक्ष कमल यादव, मेयर डा. इंद्रजीत कौर, समय सिंह भाटी, हरविन्द्र कोहली, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा व प्रवीन सैनी, हंसराज यादव, सुभाष बंसल, जिला मीडिया प्रभारी नरेश कुमार, डिप्टी मेयर प्रवीन यादव, वीना चौहान, चेयरमैन प्रवीन ठाकरियां, चेयरमैन प्रीति, ब्लॉक समिति चेयरमैन जसबीर यादव, सहित बूथ अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।








