हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 27 जून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी.) की सदस्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बद से बदतर होती जा रही है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे जनप्रतिनिधियों को भी खुलेआम जान से मारने की धमकियां देने लगे हैं और करोड़ों रुपये की फिरौती मांग रहे हैं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कुछ दिन पहले महम से कांग्रेस विधायक श्री बलराम दांगी के कार्यालय के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी और अब उन्हें 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। यह घटना केवल एक विधायक पर हमला नहीं, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक तंत्र और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है। सांसद ने कहा कि जब एक निर्वाचित विधायक ही स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा, तो आम नागरिक की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। भाजपा सरकार के शासन में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। हत्या, लूट, फिरौती, गोलीबारी और संगठित अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हुई है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की पहली जिम्मेदारी होती है, लेकिन वर्तमान सरकार इस मूल दायित्व को निभाने में असफल रही है। प्रदेश में भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है, जिससे आम जनता स्वयं को असहाय महसूस कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि महम विधायक को धमकी देने वाले अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। हरियाणा भय और अपराध से नहीं, बल्कि संविधान और कानून के शासन से चलना चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!