चंडीगढ़, 26 जून। हरियाणा सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के तत्काल प्रभाव से तबादला एवं नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में डीजीपी रैंक से लेकर एसपी स्तर तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साथ ही कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति के बाद नई तैनाती दी गई है।
सबसे महत्वपूर्ण बदलाव के तहत हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल को उनके वर्तमान कार्यभार के साथ हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन (HPHC) का चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं आलोक मित्तल को हरियाणा का महानिदेशक, जेल बनाया गया है तथा उन्हें रेजिडेंट कमिश्नर, हरियाणा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सरकार ने नवदीप सिंह विर्क और कला रामचंद्रन को पदोन्नति देते हुए डीजी रैंक में नई जिम्मेदारियां दी हैं। नवदीप सिंह विर्क को महानिदेशक, हरियाणा स्टेट एन्फोर्समेंट ब्यूरो तथा निदेशक, विजिलेंस एवं सुरक्षा नियुक्त किया गया है, जबकि कला रामचंद्रन को डीजीपी ट्रेनिंग एवं निदेशक, हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन का दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा डॉ. चक्किराला संबासिवा राव को अतिरिक्त प्रभार के रूप में कमांडेंट जनरल, होम गार्ड्स एवं सिविल डिफेंस बनाया गया है। चारु बाली को एडीजीपी साइबर, एडीजीपी आईटी तथा एडीजीपी एससीआरबी का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
विकास अरोड़ा को एडीजीपी ERSS, ट्रैफिक एवं हाईवे तथा एडीजीपी टेलीकम्युनिकेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राकेश कुमार आर्य को आईजीपी, लॉ एंड ऑर्डर का अतिरिक्त प्रभार मिला है, जबकि मनीष चौधरी को आईजीपी, जेल नियुक्त किया गया है।
अन्य प्रमुख बदलावों में अशोक कुमार को आईजीपी, हरियाणा आर्म्ड पुलिस (HAP), नाज़नीन भसीन को आईजीपी, सीआईडी, सुरिंदर पाल सिंह को डीआईजी, एसटीएफ, तथा राजिंदर कुमार मीणा को संयुक्त पुलिस आयुक्त (जॉइंट सीपी), फरीदाबाद नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार डॉ. अंशु सिंगला को डीसीपी मुख्यालय, गुरुग्राम, सुरिंदर सिंह भोरिया को एसपी, लॉ एंड ऑर्डर, पुलिस मुख्यालय तथा एचपीएस अधिकारी अनिल कुमार को एसपी, एसटीएफ करनाल की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार सभी स्थानांतरण एवं नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।








