नई श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर ईएसआईसी ने आयोजित किया जागरूकता सेमिनार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नियोक्ताओं को सामाजिक सुरक्षा, ऑनलाइन सेवाओं और श्रम संहिताओं के प्रावधानों की दी विस्तृत जानकारी

गुरुग्राम, 25 जून। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के उप क्षेत्रीय कार्यालय, गुरुग्राम द्वारा नई श्रम संहिताओं-2025 तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से नियोक्ताओं के लिए एक जागरूकता सेमिनार एवं सहभागिता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें आरसी रिच ग्लोबल सर्विसेज के ओंकार सिंह, जी4एस सिक्योरिटी सॉल्यूशंस के छोटे सिंह, यूरो सिक्योरिटी एंड प्लेसमेंट के अजय कुमार, आर.के. एंड कंपनी के सतेंद्र कुमार तथा शीतला पॉलीमर की खुशी सहित अनेक नियोक्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उप क्षेत्रीय कार्यालय प्रमुख सुनील यादव ने नई श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों, नियोक्ताओं की जिम्मेदारियों तथा कर्मचारियों को मिलने वाले सामाजिक सुरक्षा लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ईएसआईसी की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं, पोर्टल पर पंजीकरण, अंशदान भुगतान, रिकॉर्ड संधारण तथा अनुपालन संबंधी प्रक्रियाओं को भी सरल तरीके से समझाया, ताकि प्रतिष्ठान इन व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से लाभ उठा सकें।

सुनील यादव ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा प्रत्येक कर्मचारी का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करने में नियोक्ताओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संस्थानों से पात्र कर्मचारियों को ईएसआईसी के दायरे में लाने तथा समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने 40 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों के लिए ईएसआईसी अस्पतालों के सहयोग से नियमित निवारक स्वास्थ्य जांच कराने पर भी बल दिया, जिससे स्वस्थ एवं सक्षम कार्यबल का निर्माण किया जा सके।

सेमिनार में प्रश्नोत्तर एवं समाधान सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने नियोक्ताओं की विभिन्न जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किया। प्रतिभागियों ने ऐसे संवादात्मक कार्यक्रमों को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के समापन पर ईएसआईसी ने सभी हितधारकों को आश्वस्त किया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निगम निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करता रहेगा। इस अवसर पर ईएसआईसी गुरुग्राम के उप निदेशक सची कुशवाहा, सहायक निदेशक डॉ. स्वाति यादव तथा सामाजिक सुरक्षा अधिकारी विकास लोहचब भी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!