हर सोमवार और वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर लगाए जा रहे हैं समाधान शिविर
नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

गुरुग्राम, 25 जून- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित समाधान शिविर आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक भरोसेमंद और प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। यह बात एडीसी सोनू भट्ट ने गुरुवार को लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर के दौरान कही।
एडीसी सोनू भट्ट ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने बताया कि शिविर में कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर उनके निस्तारण की समयसीमा तय की गई है।
एडीसी ने बताया कि गुरुग्राम में जिला तथा उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं, जहां नागरिक अपनी समस्याएं रख सकते हैं।
इस अवसर पर एसीपी मुकेश कुमार, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, एटीपी ज्योति यादव, लेबर इंस्पेक्टर अजय यादव, प्लानिंग ऑफिसर सचिन सिंह, डिप्टी डीईओ गीता आर्या, एसडीओ राकेश कौशिक, धरम सिंह, सुमन कश्यप, जेई सुरेंद्र, जेई जौहर तथा इनवेस्टिगेटर संजय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








