
गुरुग्राम, 25 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा हरियाणा के एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बोध राज सीकरी ने 12 दिनों तक लगातार विभिन्न सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कर अपने 12 संकल्पों को सफलतापूर्वक पूरा किया। इन कार्यक्रमों का समापन निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर हुआ।
12 दिनों तक 1200 लोगों को प्रतिदिन कराया शीतल शरबत का वितरण

बोध राज सीकरी ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के 12 वर्षों की उपलब्धियों के सम्मान में 12 दिनों तक प्रतिदिन 1200 लोगों को शीतल दुग्धयुक्त शरबत युक्त पानी उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था। इस सेवा कार्य का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने किया था, जबकि समापन केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव के करकमलों से हुआ।
समापन अवसर पर श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को शीतल शरबत, आम, केले, आलू-कमल ककड़ी तथा पूरी-आलू-हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। इस सेवा अभियान में भारत विकास परिषद की लाल बहादुर शास्त्री शाखा का विशेष सहयोग रहा। शाखा के प्रधान अजय भार्गव सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने तन, मन, धन एवं श्रम से सहयोग दिया।
बुद्धिजीवी सम्मेलन का भी किया आयोजन

सेवा कार्यक्रमों के साथ-साथ बोध राज सीकरी ने संगठन की ओर से गुरु कमल कार्यालय में एक बुद्धिजीवी सम्मेलन का भी आयोजन किया। सम्मेलन में भाजपा हरियाणा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्वप्रिय त्यागी ने की। इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, गुरुग्राम की महापौर राज रानी मल्होत्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन का आयोजन शिक्षक प्रकोष्ठ के संयोजक मदन लाल गोयल के सहयोग से किया गया।
धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की रही श्रृंखला

बोध राज सीकरी द्वारा आयोजित 12 परिकल्पों में 12 बार भूतेश्वर मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ, नीलकंठ पाठशाला की जरूरतमंद छात्राओं को पुस्तक वितरण, 12 गरीब छात्रों को यूनिफॉर्म वितरण, 12 जरूरतमंद महिलाओं को चप्पलों का वितरण तथा भीम नगर आर्य समाज में 12 कुंडीय यज्ञ का आयोजन शामिल रहा।
इसके अलावा जामपुर शिव मंदिर में प्रधानमंत्री की दीर्घायु एवं राष्ट्र की समृद्धि के लिए विशेष पूजा-अर्चना कराई गई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 1200 साधकों के लिए योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक प्रताप सिंह की विशेष उपस्थिति रही। 21 जून को स्वास्थ्य शिविर तथा 24 जून को श्याम मंदिर, न्यू कॉलोनी में महिला सत्संग मंडली के साथ सामूहिक प्रार्थना कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
17 मंदिरों में भेजी गई प्रसाद व्यवस्था के लिए सहायता राशि
निर्जला एकादशी के अवसर पर पंजाबी बिरादरी महासंगठन की ओर से 17 मंदिरों में प्रसाद वितरण हेतु प्रत्येक मंदिर को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई।
‘‘मैं तो केवल एक माध्यम हूं’’ : बोध राज सीकरी
कार्यक्रम के समापन पर बोध राज सीकरी ने कहा कि समाज सेवा और जनकल्याण के कार्य वास्तव में ईश्वर की प्रेरणा से होते हैं। उन्होंने कहा, “ईश्वरीय कार्य स्वयं ईश्वर ही कराते हैं, मैं तो मात्र एक साधन हूं।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं तथा इन्हीं उपलब्धियों से प्रेरित होकर उन्होंने यह सेवा अभियान चलाया।








