मतदाता जागरूकता के लिए उद्योग जगत का सहयोग महत्वपूर्ण, प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचेगा निर्वाचन आयोग का संदेश : एडीसी सोनू भट्ट

गुरुग्राम, 24 जून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एडीसी एवं जिला स्वीप नोडल अधिकारी सोनू भट्ट ने बुधवार को जिले के विभिन्न औद्योगिक संस्थानों, औद्योगिक संगठनों तथा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में अभियान के उद्देश्यों, मतदाता जागरूकता गतिविधियों तथा औद्योगिक क्षेत्र की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में हरियाणा सीएसआर ट्रस्ट के पूर्व एडिशनल सीईओ गौरव सिंह भी मौजूद रहे।
एडीसी ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। एडीसी ने कहा कि गुरुग्राम देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक है और यहां बड़ी संख्या में कर्मचारी, श्रमिक तथा विभिन्न राज्यों से आए नागरिक कार्यरत हैं। ऐसे में औद्योगिक संस्थान मतदाता जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 और 2024 के चुनावों के दौरान भी औद्योगिक संस्थानों ने स्वीप कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग दिया था, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी उद्योग जगत निर्वाचन आयोग के इस विशेष अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएगा।

बैठक में एडीसी ने संस्थानों से अपने परिसरों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, कर्मचारियों को गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल मतदाता सूची का पुनरीक्षण करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच बनाकर उसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना भी है। इसके लिए प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय आवश्यक है।
बैठक में उपस्थित औद्योगिक संस्थानों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए वे इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। बैठक में स्विगी, टेक महिंद्रा, कॉमविवा, एम3एम तथा होंडा सहित विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि अपने-अपने संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर कर्मचारियों एवं उनके परिवारों तक एसआईआर-2026 अभियान का संदेश पहुंचाया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे।








