मानसून तैयारियों का लिया जायजा, जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने एवं तालाब पुनर्जीवन कार्यों की समीक्षा

गुरुग्राम, 24 जून। संयुक्त आयुक्त डॉ प्रीतपाल सिंह ने मानसून सीजन को देखते हुए वार्ड-12 में जलभराव संभावित स्थलों तथा झाड़सा तालाब का अधिकारियों की टीम के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यकारी अभियंता संदीप धुंधवाल, कनिष्ठ अभियंता स्वच्छता टीम एवं वार्ड-12 के पार्षद उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में चिन्हित जलभराव संभावित बिंदुओं का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था, नालों की सफाई तथा मानसून तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित टीमों को निर्देश दिए कि सभी जल निकासी मार्गों को पूरी तरह साफ रखा जाए तथा वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान झाड़सा तालाब स्थल का भी दौरा किया गया। अधिकारियों ने तालाब के पुनर्जीवन, डी-वाटरिंग एवं जलधारण क्षमता बढ़ाने से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि तालाब से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि वर्षा जल संचयन को बढ़ावा मिल सके और क्षेत्र में जलभराव की समस्या को कम किया जा सके।
संयुक्त आयुक्त डॉ प्रीतपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव की शिकायतों के त्वरित समाधान तथा स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम मानसून तैयारियों को लेकर पूरी तरह सजग है तथा जलभराव मुक्त और स्वच्छ गुरुग्राम के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।









