आईडीएफसी बैंक घोटाले में सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, पूरी सच्चाई सामने आए: अशोक अरोड़ा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा के युवाओं और किसानों की अनदेखी कर रही भाजपा सरकार, कानून-व्यवस्था भी चरमराई: आफताब अहमद

चंडीगढ़, 24 जून। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक एवं उप नेता प्रतिपक्ष आफताब अहमद, विधायक एवं हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर अशोक अरोड़ा तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज ने प्रदेश सरकार की नीतियों, किसानों के हितों, रोजगार, कानून-व्यवस्था और आईडीएफसी बैंक घोटाले को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अशोक अरोड़ा ने आईडीएफसी बैंक घोटाले के मामले में मुख्य आरोपी आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल की गिरफ्तारी को महज़ औपचारिकता बताते हुए कहा कि इतने बड़े वित्तीय घोटाले में केवल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी कई गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि मामले में कई प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की चर्चाएं रही हैं, लेकिन अब तक अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ न तो एफआईआर दर्ज हुई है और न ही कोई ठोस विभागीय कार्रवाई दिखाई दी है।

अरोड़ा ने आरोप लगाया कि सरकार प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है और एक व्यक्ति को बलि का बकरा बनाकर पूरे मामले को सीमित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मांग की कि घोटाले में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में दिखावटी कदमों से काम नहीं चलेगा, बल्कि निर्णायक कार्रवाई की आवश्यकता है।

वहीं उप नेता प्रतिपक्ष आफताब अहमद ने भाजपा सरकार पर हरियाणा के हितों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले सरकारी भर्तियों में प्रदेश के युवाओं को दरकिनार किया गया और अब किसानों के हितों की कीमत पर दूसरे राज्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान को पानी उपलब्ध कराने के फैसले ने हरियाणा के किसानों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।

आफताब अहमद ने कहा कि हरियाणा एक कृषि प्रधान राज्य है और लाखों परिवार खेती-किसानी पर निर्भर हैं। ऐसे में किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा और जल संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान पहले ही खाद, बिजली और सिंचाई जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान की बजाय राजनीतिक प्राथमिकताओं में उलझी हुई दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में किसान पानी की कमी का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में सरकार को हरियाणा के जल अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए थी, लेकिन इसके विपरीत प्रदेश के हितों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन दोनों ही मोर्चों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी हरियाणा के युवाओं और किसानों के अधिकारों की आवाज उठाती रहेगी तथा प्रदेश के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से किसानों के लिए पर्याप्त सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और जल अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए आफताब अहमद ने कहा कि प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। गैंगवार, रंगदारी वसूली और संगठित अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आज केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि भी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को उन्होंने सरकार की विफलता का प्रमाण बताया।

उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे हरियाणा के ज्वलंत मुद्दों की बजाय पंजाब की राजनीति में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था से जूझ रही है, तब सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान क्यों नहीं दे रही।

आफताब अहमद ने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार की वास्तविकता को समझ चुकी है और झूठे वादों तथा भ्रामक दावों के झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा में बदलाव की आवश्यकता है और जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका निर्णय करेगी। कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!