13 आपराधिक मामलों में नामजद आरोपी शोएब उर्फ सिक्कू की 120 वर्ग गज में बनी अवैध संपत्ति पर कार्रवाई
पटौदी के व्यापारी मोहल्ला में 120 वर्ग गज भूमि पर बना अवैध मकान ध्वस्त
अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर आगे भी जारी रहेगा अभियान : गुरुग्राम पुलिस

गुरुग्राम, 24 जून। हरियाणा सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस ने नशा तस्करों, भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटौदी क्षेत्र में एक आरोपी के अवैध निर्माण पर बुल्डोजर चलाया। जिला प्रशासन के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में अवैध रूप से निर्मित एक मंजिला मकान को ध्वस्त कर भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।
पुलिस के अनुसार पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर व्यापारी मोहल्ला, पटौदी में अवैध निर्माण की पहचान की गई थी। जांच में सामने आया कि शोएब उर्फ सिक्कू नामक आरोपी ने वार्ड नंबर-11 स्थित लगभग 120 वर्ग गज भूमि पर एक मंजिला मकान का अवैध निर्माण कर रखा था। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को मशीनरी की सहायता से इस निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शोएब उर्फ सिक्कू के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के चार मामले, जुआ अधिनियम के तीन मामले, आर्म्स एक्ट का एक मामला, मारपीट, दंगा और तोड़फोड़ से जुड़े तीन मामले, एससी/एसटी एक्ट के दो मामले तथा रंगदारी और धमकी से संबंधित एक मामला शामिल है।
यह कार्रवाई अपराध शाखा फर्रुखनगर और जिला प्रशासन के संयुक्त अभियान के तहत थाना पटौदी क्षेत्र में की गई। पूरी कार्रवाई के दौरान गुरुग्राम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।
गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों के अवैध आर्थिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों और अवैध कब्जों के खिलाफ भविष्य में भी खुफिया सूचनाओं के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि गुरुग्राम को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।








