*लघु सचिवालय में रिबन काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ, विभिन्न विभागों के स्टॉल व प्रदर्शनी का किया अवलोकन*
*जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का किया आह्वान*

गुरुग्राम, 18 जून- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष जन कल्याण शिविर के तीसरे दिन भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य सुधा यादव ने गुरुग्राम लघु सचिवालय में रिबन काटकर शिविर का शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने शिविर का अवलोकन किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत कर उन्हें मिल रहे लाभों की जानकारी ली।
सुधा यादव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और प्रदर्शित विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी ली।

सुधा यादव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत ढांचे के विकास और जनसेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हुई है।

सुधा यादव ने कहा कि देश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे के विस्तार से आवागमन सुगम हुआ है, जबकि रेलवे के आधुनिकीकरण और नई रेल सेवाओं से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि हवाई सेवाओं के विस्तार से देश के दूरस्थ क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से जुड़े हैं।
शिविर में नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
सुधा यादव ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के पात्र लोगों को भी इन योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
इस अवसर पर भाजपा गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला उपाध्यक्ष जयवीर यादव, जिला महामंत्री अजीत यादव, जिला महामंत्री मनीष शहदपुर, जिला सचिव गंगा सिंह नेकी सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








